कोरोना से पीड़ित पूर्व क्रिकेटर और यूपी   सरकार में मंत्री चेतन चौहान वेंटिलेटर पर

पूर्व भारतीय क्रिकेट ओपनर और उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री चेतन चौहान की हालत गंभीर बताई गयी है। कोरोना टेस्ट रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद उन्हें 14 जुलाई को अस्पताल में भर्ती किया गया था। वे गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में भर्ती हैं और वेंटिलेटर पर हैं।
जानकारी के मुताबिक अर्जुन अवार्ड विजेता चौहान के अंगों ने काम करना बंद कर दिया है। वह वेंटिलेटर पर हैं और उनकी हालत नाजुक बताई गयी है। पिछले महीने कोरोना टेस्ट में उनकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी। इसके बाद उन्हें संजय गांधी पीजीआई अस्पताल, लखनऊ में भर्ती कराया गया था। हालांकि, उनकी हालत में सुधार नहीं आने के कारण उन्हें गुरूग्राम में मेदांता अस्पताल शिफ्ट कर लिया गया।
चेतन चौहान भारतीय क्रिकेट टीम में लंबे समय तक ओपनर रहे।  वे 40 टेस्ट मैचों में  महान सुनील गावस्कर के ओपनिंग जोड़ीदार रहे। इसके बाद वे दिल्ली क्रिकेट संघ (डीडीसीए) और अन्य जिला क्रिकेट संघ में अध्यक्ष से लेकर अन्य पदाधिकारी रहे। वे 2001 के ऑस्ट्रेलिया दौरे पर भारतीय टीम के प्रशासनिक मैनेजर भी थे।
बाद में वे भाजपा में शामिल हो गए थे। वे सांसद भी रहे हैं। वे 1991 में अमरोहा से भाजपा की टिकट पर जीते थे। साल 1998 में एक बार फिर जीते। आजकल वे उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री हैं।
रिपोर्ट्स के मुताबिक शनिवार सुबह चेतन की किडनी ने काम करना बंद कर दिया और इसके बाद उनके दूसरे अंगों ने भी काम करना बंद कर दिया है। फिलहाल वे वह लाइफ सपोर्ट पर हैं।