कोरोना पॉजिटिव व्यक्ति के संपर्क में आने के बावजूद सीएम योगी जा रहे चुनाव सभाओं में : प्रियंका गांधी  

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने गुरुवार को गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि कोरोना पॉजिटिव व्यक्ति के संपर्क में आने के बावजूद उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी चुनाव सभाओं में जा रहे हैं। कांग्रेस नेता ने कहा कि संकट के समय मुख्यमंत्री योगी का यह रवैया बहुत गैरजिम्मेदाराना है।
देश के कोरोना के मामले बहुत तेजी से बढ़ रहे हैं। यह देखा गया है कि बंगाल, असम आदि चुनावों में देश के बड़े नेता भी बिना मास्क के दिख रहे हैं या सभाओं में खूब भीड़ दिख रही है। अब प्रियंका गांधी ने ट्वीट करके योगी पर गंभीर आरोप लगाया है। बता दें कोरोना संक्रमित व्यक्ति के संपर्क में आने के बाद खुद प्रियंका गांधी ने खुद को आईसोलेट कर लिया है और वे चुनाव प्रचार में नहीं गईं।
अब प्रियंका ने आरोप लगाया है कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ कोरोना वायरस से संक्रमित एक व्यक्ति के संपर्क में आने के बावजूद चुनावी सभाएं कर रहे हैं। प्रियंका ने कहा कि यह सीएम योगी की लापरवाही का सबूत है। प्रियंका ने ट्वीट में कहा कि सीएम योगी का गैरजिम्मेदार रवैया साफ नजर आ रहा है। कांग्रेस नेता ने कहा कि संकट के समय नेताओं को अपने आचरण से उदाहरण पेश करना चाहिए ताकि लोग उन पर भरोसा कर सकें।
प्रियंका गांधी ने ट्वीट में कहा – ‘मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, यूपी के मुख्यमंत्री कोविड पॉजिटिव व्यक्ति के संपर्क में आने के बाद भी रैलियों में जा रहे हैं। उनका कार्यालय कोविड से होने वाली मौतों के गलत आंकड़ें दे रहा है। खबरों के अनुसार लखनऊ के शवदाहगृह और अस्पतालों में लंबी वेटिंग है। लोगों में दहशत है।’
कांग्रेस नेता ने कहा कि ‘जिनका कार्य जवाबदेही और पारदर्शिता का है, वो खुद गैरज़िम्मेदार साबित हो रहे हैं। संकट के समय नेताओं को सत्यता और सही आचरण का उदाहरण पेश करना चाहिए ताकि लोग उन पर भरोसा कर सकें।’
प्रियंका गांधी ने एक अन्य ट्वीट में कहा – ‘अगर चुनावों में घोषणा पत्र में सबके लिए फ्री वैक्सीन की घोषणा की जा सकती है तो ये सही समय है कि सरकार प्राथमिकता से सबके लिए वैक्सीन की व्यवस्था करे। हमारे देश की जनता के लिए सबसे हितकारी कदम यही है कि सबको वैक्सीन मिले।’
प्रियंका गांधी का ट्वीट –
Priyanka Gandhi Vadra
@priyankagandhi
8 अप्रैल 2021
मीडिया रिपोर्टस के मुताबिक यूपी के मुख्यमंत्री Covid+ व्यक्ति के संपर्क में आने के बाद भी रैलियों में जा रहे हैं। उनका कार्यालय कोविड से होने वाली मौतों के गलत आंकड़ें दे रहा है। खबरों के अनुसार लखनऊ के शवदाहगृह एवं अस्पतालों में लंबी वेटिंग है। लोगों में दहशत है।