कोरोना पॉजिटिव डॉक्टर दंपति के घर आया नन्हा मेहमान

Representational Image
कोरोना वायरस का दुनिया में कहर जारी है। पूरा यूरोप हलकान है। इस बीच राजधानी नई दिल्ली से अच्छी खबर आई है। वायरस की दहशत और लॉकडाउन में कहां देश और दुनिया के तमाम देशों के लोग अपने घरों में कैद हैं और खुद को बचाने के लिए बाहर नहीं निकल रहे हैं।
शुक्रवार की रात दिल्ली के एम्स में कोरोनो वायरस की चपेट में आए डॉक्टर दंपति के घर पर नन्हा मेहमान आया है। दोनों ही मां और बच्चा स्वस्थ्य हैं। हालांकि दोनों को आइसोलेशन वार्ड में रखा गया है और लगातार निगरानी की जा रही है। महिला के डॉक्टर पति की तीन दिन पहले कोरोना की रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी।
देश में अब तक 50 से अधिक डॉक्टर और मेडिकल स्टाफ वायरस से संक्रमित हो चुके हैं। डॉक्टर दंपति की रिपोर्ट एक ही दिन सामने आई थी, और महिला डॉक्टर 9 महीने की गर्भवती थीं। अब तक दिल्ली के 9 डॉक्टर कोरोनावायरस से संक्रमित हो चुके हैं।
इससे पहले, सफदरजंग अस्पताल के दो रेजिडेंट डॉक्टरों के कोरोना वायरस से संक्रमित होने की पुष्टि हुई थी। अस्पताल में कोविड-19 मरीजों के इलाज की टीम में शामिल एक डॉक्टर ड्यूटी के दौरान संक्रमित हुआ । वहीं, बायोकेमिस्ट्री विभाग में पीजी की छात्रा, महिला रेजिडेंट डॉक्टर भी संक्रमित हो चुके हैं। इनका सफदरजंग के अलग वार्ड में इलाज जारी है।