कैलिफोर्निया गोलीबारी में महिला की मौत

यहूदी प्रार्थनास्थल पर गोलीबारी में तीन लोग घायल

अमेरिका के कैलिफोर्निया में एक बंदूकधारी के यहूदी प्रार्थनास्थल पर गोलीबारी करने की घटना में एक महिला की मौत हो गयी है। तीन लोग इस हमले में घायल हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक हमलावर बुलेटप्रूफ जैकेट और हेलमेट पहने हुए था।
रिपोर्ट्स के मुताबिक हमला करने वाला महज १९ साल का किशोर है जिसे पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। घटना में जिस व्यक्ति की मौत हुई है वो एक बुजुर्ग महिला हैं। तीन लोग जख्मी हुए हैं। राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने घटना पर संवेदना व्यक्त करते हुए कहा – ”हमें यहूदी विरोधी विचारधारा को हराना चाहिए। पूरा अमेरिका पीड़ित यहूदी समुदाय के साथ खड़ा है।”
सैन डिएगो काउंटी के शेरिफ बिल गोर के मुताबिक इस गोलीबारी में चार लोग घायल हो गए थे जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहां घायल बुजुर्ग महिला ने दम तोड़ दिया। तीन अन्य घायलों की हालत स्थिर बताई गयी है। इनमें एक बच्ची, यहूदी धर्मगुरु और एक युवक शामिल हैं।
हमलावर की सोशल मीडिया अकाउंट से जानकारियां जुटाई जा रही हैं। उसने हमले से आधा घंटा पहले एक लेटर भी पोस्ट किया था। घटना के बाद ड्यूटी से लौट रहे एक अफसर ने हमलावर पर फायर किया। इस दौरान भागने की कोशिश में वह कार में फंस गया। इसके बाद पुलिस ने हमलावर को गिरफ्तार कर लिया। उसके पास एक एआर-१५ राइफल मिली, जिससे उसने लोगों पर गोलियां चलाईं।
याद रहे, छह महीने पहले भी एक हमलावर ने पीटसबर्ग के ट्री ऑफ लाइफ प्रार्थनास्थल पर ११ लोगों की हत्या कर दी थी। अमेरिका में यहूदी समुदाय पर यह सबसे बड़ा हमला था।