कुल्लू हादसे में २० की मौत

हिमाचल प्रदेश में गुरूवार को एक बड़े बस हादसे में कम से कम २० लोगों की मौत हो जाने की खबर है। इसकी सरकारी स्तर पर पुष्टि नहीं हुई है। ”तहलका” की जानकारी के मुताबिक़ यह हादसा कुल्लू जिले के बंजार इलाके में हुआ है। हादसे का शिकार हुई बस खचाखच भरी हुई थी।
जानकारी के मुताबिक बंजार से एक किलोमीटर आगे भियोठ मोड़ के पास एक निजी बस करीब ४५० फुट गहरी खाई में गिर गई। हादसे में २० लोगों की मौत हो गई जबकि लगभग ३० लोगों के घायल होने की आशंका है। घायलों में कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिसके चलते मृतकों की संख्या बढ़ सकती है।
कुल्लू से गाड़ागुशैणी की तरफ जा रही यह बस यात्रियों से खचाखच भरी हुई थी। बस में सवार अधिकांश लोग गाड़ागुशैणी के रहने वाले हैं। जानकारी के मुताबिक बस में करीब ४८ लोग सवार थे। खाई में गिरते ही बस के परखच्चे उड़ गए। खाई से घायलों को निकालने के लिए पुलिस और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और रेस्क्यू अभियान शुरू किया।
अभी तक की जानकारी के मुताबिक  घायलों को रेस्क्यू किया जा रहा है। अब तक बस करीब १२ महिलाएं, छह युवतियां, सात बच्‍चे और १० युवक निकाले जा चुके हैं। सभी गंभीर रूप से घायल हैं। सभी को उपचार के लिए बंजार अस्पताल लाया गया है। कुछ को गंभीर हालत में कुल्‍लू भी रेफर किया गया है। और जानकारी का इन्तजार है।