कुलदीप बिश्नोई दलबदल कर भाजपा में शामिल, पीएम का आभार जताया

हरियाणा के कांग्रेस नेता और पूर्व विधायक कुलदीप बिश्नोई दलबदल कर गुरुवार भाजपा में शामिल हो गए हैं। उन्होंने दो दिन पहले विधानसभा से इस्तीफा दे दिया था। उनके दिवंगत पिता भजनलाल प्रदेश के मुख्यमंत्री थे और एक बार उन्होंने भी पूरे मंत्रिमंडल के साथ जनता पार्टी से कांग्रेस में दलबदल कर लिया था, हालांकि, इसके बाद वे अंतिम समय तक कांग्रेस में ही रहे। उनके बड़े भाई चंद्रमोहन प्रदेश के उप मुख्यमंत्री रहे हैं और अभी कांग्रेस में हैं।

कुलदीप बिश्नोई को कांग्रेस ने जून में राज्यसभा चुनाव में पार्टी व्हिप का उल्लंघन कर क्रॉस वोटिंग करने के आरोप में पार्टी के सभी पदों से हटा दिया था। वे आदमपुर से विधायक थे। कुलदीप के पुत्र भव्य बिश्नोई, जो 2019 के लोकसभा चुनाव में हिसार सीट से हार गए थे, ने भी कांग्रेस छोड़ दी है। कुलदीप एक बार पहले भी कांग्रेस छोड़ चुके थे और छह साल पहले दोबारा पार्टी में शामिल हुए थे।

उन्होंने दिल्ली में गुरुवार को भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा से पार्टी का झंडा ग्रहण किया। इस मौके पर उनकी पत्नी और हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर भी साथ थे। बिश्नोई के इस्तीफे से आदमपुर सीट खाली हो गयी है और वहां उपचुनाव होगा। कांग्रेस आलाकमान के पदों से हटाने के बाद कुलदीप बिश्नोई केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा, हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर और अन्य बड़े भाजपा नेताओं से मिले थे जिससे साफ़ था कि वे भाजपा में जा रहे हैं।

भाजपा ज्वाइन करने के बाद कुलदीप बिश्नोई ने कहा – ‘मैं एक आम कार्यकर्ता के तौर पर भाजपा में शामिल हो रहा हूं। मैं पीएम मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा का आभार करता हूँ।’