कुलगाम में हिमस्खलन में फंसे जवान

कश्मीर, उत्तराखंड और हिमाचल में भारी बर्फबारी

जम्मू-कश्मीर के कुलगाम जिले में हिमस्खलन के चलते दस पुलिसकर्मी फंस गए हैं। फंसे जवानों को बचाने के लिए ऑपरेशन चला रहा है हालांकि खराब मौसम के कारण इसमें दिक्कत आ रही है।

रिपोर्ट्स के मुताबिक गुरुवार को कुलगाम जिले में जवाहर सुरंग में पुलिस पोस्ट के पास १० पुलिसकर्मी उस समय फंस गए जब वहां हिमस्खलन हो गया। पुलिस के अनुसार बचाव कार्य बड़े पैमाने पर चलाया जा रहा है। सेना, पुलिस और अन्य सुरक्षा बल इस कार्य में लगे हुए हैं।

कश्मीर, हिमाचल, उत्तराखंड में भारी बर्फबारी से आम जनजीवन ठप्प पद गया है। कश्मीर घाटी में बर्फबारी जारी है और पिछले २४ घंटे में कुलगाम जिले में सबसे अधिक हिमपात हुआ हैं । जिले के कुछ हिस्सों में पांच फुट  तक बर्फबारी हुई। स्नो ऐंड एवेलांच स्टडीज स्टैब्लिशमेंट ने अगले २४ घंटे के लिए जम्मू कश्मीर के २२ जिलों में से १६ के लिए हिमस्खलन को लेकर चेतावनी जारी की गयी है।

कश्मीर घाटी में ताजा बर्फबारी और मैदानी इलाकों में बारिश से जनजीवन प्रभावित है। कई स्थानों पर लोग बिजली के बिना घरों के अंदर ही रहने को मजबूर हैं। वहीं कई जगह सड़क मार्ग भी बंद है और कई उड़ानें रद्द कर दी गई हैं।

उधर उत्तराखंड के उच्च हिमालयी क्षेत्रों जैसे बदरीनाथ, केदारनाथ, गंगोत्री, यमुनोत्री, हेमकुंड साहिब, नंदादेवी राष्ट्रीय पार्क, औली, मुनस्यारी सहित चमोली, उत्तरकाशी, पिथौरागढ़ और रूद्रप्रयाग जिलों के अंदरूनी हिस्सों में बर्फबारी हुई है। वहीं कम ऊंचाई वाले क्षेत्रों और मैदानी इलाकों में बारिश हुई।

तीसरे राज्य हिमाचल में अधिक और मध्यम ऊंचाई वाले पहाड़ों पर भारी बर्फबारी हुई है। वहीं कम ऊंचाई वाले पहाड़ी क्षेत्रों और मैदानी इलाकों में मूसलाधार बारिश हुई है। राजधानी शिमला, चंबा, कुफरी, नारकंड़ा, डलहौजी, मनाली, सोलन, मंडी और किन्नौर में भारी बर्फबारी हुई।