कुपवाड़ा में हिमस्खलन से ३ जवान शहीद

बर्फ में दबने के बाद गयी जान, कुछ अभी भी लापता

उत्तरी कश्मीर में नियंत्रण रेखा (एलओसी) पर कश्मीर के कुपवाड़ा में दो अलग-अलग जगह हिमस्खलन की चपेट में आने से आठ जवान बर्फ में दब गए हैं। इनमें से तीन जवान शहीद हो गए हैं। कुछ जवान अभी भी लापता हैं।

”तहलका” की जानकारी के मुताबिक चार को सुरक्षित निकाल कर अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। लापता जवानों की तलाश में सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। यह घटना कुपवाड़ा जिले के करनाह सेक्टर में एलओसी के ईगल पोस्ट के नजदीक की है। मंगलवार की इस घटना में हिमस्खलन में सेना की दो जाट रेजीमेंट के चार जवान दब गए। सूचना मिलते ही पास की पोस्ट से जवानों को बचाव कार्य के लिए भेजा गया। इसके साथ ही प्रशिक्षित जवानों को भी लगाया गया और हेलीकॉप्टर की भी मदद ली गई।

जानकारी के मुताबिक देर शाम तक ऑपरेशन चलाया गया। तीन जवानों के शव बरामद कर लिए गए हैं। एक अभी भी जवान लापता है। उधर बांदीपोरा जिले के गुरेज सेक्टर के बख्तूर इलाके में भी बर्फीले तूफान की चपेट में आने से चार जवान गहरी खाई में गिरकर लापता हो गए हैं। सूचना मिलते ही बचाव कार्य शुरू किया गया। इस दौरान तीन जवानों को सुरक्षित निकाल लिया गया, लेकिन एक जवान अब भी लापता है। बचाव कार्य जारी है।