किसानों को देशद्रोही, आतंकवादी कहने वाला देश भक्त नहीं हो सकता, प्रियंका गांधी ने सहारनपुर किसान रैली में कहा

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने बुधवार को सहारनपुर के चिकलाना में किसान पंचायत में हिस्सा लिया और किसानों के मसले पर मोदी सरकार पर जमकर निशाना साधा। उनके आने से पहले ही जिला प्रशासन ने जिले में धारा 144 लागू कर दी थी, लेकिन प्रियंका गांधी ने अपने कार्यक्रम में कोई बदलाव नहीं किया और रैली में पहुंचीं।
प्रियंका की इस रैली में खासी भीड़ दिखी। कांग्रेस नेता ने इस मौके परे कहा कि किसानों को रोजाना अपमानित किया जा रहा है। कभी आतंकवादी कहते हैं तो कभी आंदोलनजीवी कहते हैं। किसानों को देशद्रोही कहने वाला, उसका मजाक उड़ाने वाला, उसको आतंकवादी कहने वाला कभी देश भक्त नहीं हो सकता।
गांधी ने किसानों से कहा कि ये आपकी जमीन का आंदोलन है, आप पीछे मत हटना। जब तक ये कृषि बिल वापस नहीं होते, तब तक डटे रहिये, हम भी आपके साथ रहेंगे।  प्रियंका ने कहा कि 78 दिन से किसान बॉर्डर पर हैं लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो रही। उन्होंने कहा – ‘इस सरकार ने 16,000 करोड़ के दो हवाई जहाज ले लिए और 20,000 करोड़ संसद के सुंदरीकरण में खर्च कर दिया, लेकिन किसानों का बकाया 15000 करोड़ आज तक नहीं दिया। 56 इंच के सीने में छोटा सा दिल है, लेकिन वो सिर्फ उद्योगपतियों के लिए धड़कता है’।
कांग्रेस महासचिव ने कहा कि देश को आत्मनिर्भर बनाने वाला किसान है। किसान का बेटा सीमा पर शहीद होता है, इस देश के लिए जान देता है। किसान का बेटा प्रधानमंत्री की सुरक्षा करता है, लेकिन प्रधानमंत्री किसान का दिल नहीं पहचान रहे हैं। जाग जाइये, जिनसे आप उम्मीद रख रहे हैं, वे आपके लिए कुछ नहीं करेंगे। जब वे बड़े-बड़े वादे करते हैं तो समझ जाइये उनके शब्द खोखले हैं। ये आपकी ज़मीन का आंदोलन है, आप पीछे मत हटिये। हम खड़े हैं, जब तक ये बिल वापस नहीं होते, तब तक डटे रहिये।
प्रियंका गांधी ने कहा – ‘नए कृषि कानून से जमाखोरी का दरवाजा खुलेगा। यह खरबपति तय करेंगे कि आपकी फसल कैसे खरीदी जाए। सरकारी मंडियां बर्बाद हो जाएंगी। कांट्रेक्ट फार्मिंग से भी धोखा मिलने वाला है। निजी कंपनियां मनमानी कीमत तय करेंगी और किसानों को अपनी फसल उसी दाम पर बेचने के लिए मजबूर होना पड़ेगा। जब कांग्रेस की सरकार बनेगी तो कानून आपकी मदद के लिए बनेंगे, न कि आपको पीसने के लिए। हम आपके दिलों के साथ और जीवन के साथ राजनीति नहीं करेंगे। हम आपको धर्म और जाति के नाम पर तोड़ेंगे नहीं, आपका बंटवारा नहीं करेंगे। हम आपको जोड़ेंगे।’
इस मौके पर कांग्रेस नेता ने कहा कि वे माता का आशीर्वाद लेकर आई हैं। ‘माता की कथा आपको पता होगी। जब अकाल पड़ा था तो माता ने अपनी 100 आंखों से आंसू बहाए, जिससे किसानों को पानी मिला। नए कृषि कानून राक्षसरूपी हैं। सरकार को इन कानूनों को वापस लेना ही पड़ेगा।’
उत्तर प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष अजय कुमार लल्‍लू ने इस मौके पर कहा कि नए कृषि कानून आने के बाद से किसान हताश हैं। किसानों को आज दबाया जा रहा है। प्रियंका गांधी किसानों की लड़ाई लड़ने यहां आई हैं। किसानों की आवाज को किसी भी तरह से दबने नहीं दिया जाएगा।
इससे पहले कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने सहारनपुर में रायपुर स्थित खानगाह दरगाह में हाजिरी लगाई। उनके साथ प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू और कांग्रेस नेता इमरान मसूद भी मौजूद रहे। इससे पूर्व उन्होंने शाकुंभरी देवी मंदिर के दर्शन किए और मां का आशीर्वाद लिया। वे यहां पर करीब आधे घंटे तक रूकीं।
प्रियंका की रैली में पार्टी नेता पीएल पुनिया, रामपुर की पूर्व सांसद बेगम नूरबानो, प्रमोद कृष्णम समेत कई नेता शामिल रहे।