किसानों को कुचलकर मारने के आरोपी केंद्रीय मंत्री के बेटे पर एफआईआर; लखीमपुर जा रही प्रियंका, कई नेता हिरासत में

उत्तर प्रदेश पुलिस ने आखिर भारी दबाव के बाद किसानों को गाड़ी से कुचलकर मार देने के आरोपी केंद्रीय गृह राज्‍य मंत्री अजय मिश्रा के पुत्र आशीष मिश्रा समेत 14 लोगों के खिलाफ हत्‍या, आपराधिक साजिश और दंगा करने समेत कई धाराओं में एफआईआर दर्ज कर ली है। इस घटना में 8 लोगों की मौत हुई है। उधर लखीमपुर के तिकुनिया में कथित तौर पर मंत्री के बेटे की गाड़ी के नीचे कुचलकर शहीद हुए किसानों के परिजनों से मिलने जा रहीं कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। इलाके में इंटरनेट सेवाएं बंद कर दी गयी हैं और वहां धारा 144 लगा दी गयी है। संयुक्त किसान मोर्चा के नेता राकेश टिकैत लखीमपुर पहुँच गए हैं और इलाके में जबरदस्त तनाव बना हुआ है।

लखनऊ में धरने पर बैठे सपा नेता अखिलेश यादव को भी हिरासत में लिया गया है। यादव ने केंद्रीय गृह राज्य मंत्री अजय मिश्रा के इस्तीफे की मांग की है। लखीमपुर में किसानों की इस तरह हत्या की घटना के बाद देश भर में गुस्सा पैदा हो गया है। केंद्रीय मंत्री के बेटे के खिलाफ एफआईआर बहराइच नानपारा के जगजीत सिंह की तहरीर पर दर्ज की गई है। रिपोर्ट्स के मुताबिक लखीमपुर में हिंसक झड़प के दौरान किसानों की मौत को लेकर केंद्रीय गृह राज्‍य मंत्री अजय मिश्रा के आरोपी बेटे आशीष मिश्रा समेत 14 लोगों के खिलाफ हत्‍या, आपराधिक साजिश और गंगा सहित कई धाराओं में एफआईआर दर्ज की गई है। लखीमपुर के तिकुनिया थाने में यह  एफआईआर दर्ज हुई है।

उधर राज्यमंत्री अजय मिश्रा ने सफाई दी है कि उपद्रवी तत्वों ने भाजपा कार्यकर्ताओं पर हमला किया, लाठी-डंडों और तलवारों से पीटा जिसके वीडियो उनके पास हैं। तत्वों ने गाड़ियों में आग लगाई जबकि उनका बेटा कार्यक्रम स्थल पर था। मंत्री के दावे के मुताबिक उनके तीन कार्यकर्ताओं और ड्राइवर की मौत हुई है जिसके खिलाफ मामला दर्ज करवाया गया है।

इस बीच किसानों से मिलने के लिए सोमवार सुबह लखीमपुर खीरी पहुंचने वाली  कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी को हरगांव के पास ही हिरासत में ले लिया गया। प्रियंका गांधी आधी रात एक बजे वहां के लिए रवाना हुई थीं। प्रियंका गांधी को हरगांव से हिरासत में लेकर सीतापुर पुलिस लाइन ले जाया गया। कांग्रेस ने आरोप लगाया है कि प्रियंका गांधी से पुलिसकर्मियों ने जोर जबरदस्ती की।

उधर राहुल गांधी ने इस घटना पर ट्वीट में कहा – ‘प्रियंका, मैं जानता हूं तुम पीछे नहीं हटोगी। तुम्हारी हिम्मत से वे डर गए हैं। न्याय की इस अहिंसक लड़ाई में हम देश के अन्नदाता को जिता कर रहेंगे।’ रिपोर्ट्स के मुताबिक प्रियंका गांधी लड़के छह बजे ही  लखीमपुर खीरी की सीमा पर पहुंच गयी थीं। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सीतापुर पुलिस लाइन की सेकेंड बटालियन के गेट के बाहर जोरदार प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने गेट के अंदर घुसने का प्रयास किया। इस दौरान कांग्रेसी कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच हाथापाई भी हुई।

कुछ वीडियो फुटेज में देखा जा सकता है कि हरगांव में हिरासत में लिए जाने के दौरान प्रियंका गांधी यूपी पुलिस के अफसरों को कड़ी फटकार लगा रही हैं। उन्होंने पुलिस के अधिकारियों से सवाल उठाया कि पुलिस वाहन में उन्हें कैसे ले जाया जा रहा है। धक्का-मुक्की पर प्रियंका ने पुलिसकर्मियों को चेताया कि यह अपहरण, छेड़छाड़ और मारपीट का मामला बन सकता है। गिरफ्तार करने की चुनौती भी प्रियंका ने पुलिसकर्मियों को दी।

उन्होंने पुलिस अफसरों और मंत्रियों से वारंट लाने या ऑर्डर लाने को कहा। प्रियंका ने कहा कि कानून वो भी समझती हैं। यूपी में भले ही कानून का पालन न हो, लेकिन देश में ऐसा कानून है। प्रियंका के साथ पार्टी के नेता दीपिन्दर सिंह हुड्डा भी रविवार रात लखनऊ पहुंच गए थे।

आज सुबह सपा नेता अखिलेश यादव लखनऊ में इस घटना के विरोध में धरने पर बैठ गए। बाद में पुलिस ने उन्हें हिरासत में ले लिया। कई विपक्षी दलों ने इस घटना की कड़ी निंदा की है और इस लोकतंत्र की हत्या बताया है। इस बीच हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर के ब्यान की कड़ी निंदा की जा  रही है जिसमें उन्होंने किसानों को ‘जैसे को तैसा’ की धमकी दी है। किसान लखीमपुर के घटना के बाद जबरदस्त गुस्से में हैं और अभी वहां तनाव बना हुआ है।