काबुल में गुरुद्वारे पर हमला; फायरिंग और धमाके की आवाजें भी सुनी गईं

अफगानिस्तान की राजधानी काबुल में शनिवार को हथियारबंद बंदूकधारियों ने स्थानीय गुरुद्वारे में फायरिंग की है। वहां नजदीक ही ब्लास्ट भी हुए हैं। घटना के समय गुरुद्वारे के भीतर कम से कम 25 लोग थे। सिख नेता मनजिंदर सिंह सिरसा के मुताबिक तीन घायल लोग गुरुद्वारे से बचकर निकले हैं, और कुछ भीतर फंसे हैं। कितने लोगों की जान गयी है इसकी कोई पुख्ता जानकारी नहीं है।

गुरुद्वारा अध्यक्ष गुरनाम सिंह के हवाले से स्थानीय मीडिया ने बताया है कि बंदूकधारियों ने अचानक गुरुद्वारे पर हमला कर दिया। आशंका है कि यह आतंकवादी गुट के लोग हो सकते हैं। वहां उन्होंने ताबड़तोड़ फायरिंग की है। कुछ लोग जान बचाने इमारत की दूसरी तरफ छिपे हैं। कम से कम 25 लोग गुरुद्वारा के भीतर हो सकते हैं।

कुछ अपुष्ट रिपोर्ट्स में यह भी कहा गया है कि गुरुद्वारा के मुस्लिम गार्ड की जान चली गई है। कुछ लोग अस्पताल में भर्ती किये गए हैं। कुछ रिपोर्ट्स में यह भी दावा किया गया है कि परिसर के भीतर विस्फोट की आवाज भी सुनी गयी है। हमलावर गुरुद्वारा परिसर के भीतर बताये गए हैं और तालिबान लड़ाके उन्हें पकड़ने की कोशिश कर रहे हैं।

इस बीच भारती के विदेश मंत्रालय ने कहा – ‘हम काबुल में एक गुरुद्वारे पर हमले को लेकर बहुत चिंतित हैं। हम स्थिति की बारीकी से निगरानी कर रहे हैं और आगे की घटनाओं के बारे में अधिक जानकारी की प्रतीक्षा कर रहे हैं।’