कांग्रेस ने देश को जोड़ा, आज तोड़ा जा रहा है, स्थापना दिवस पर बोले अध्यक्ष खड़गे

देश की दूसरी सबसे बड़ी पार्टी कांग्रेस आज अपना स्थापना दिवस मना रही है। इसके लिए आयोजित समारोह में पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने बुधवार कहा कि कांग्रेस की लोकतंत्र में आस्था की वजह से भारत में विकास हुआ और देश आगे बढ़ा। लेकिन आज देश की मूल भावना से खिलवाड़ हो रहा है और नफरत के खिलाफ सबको साथ लेकर चलना होगा। खड़गे ने यह भी कहा कि राहुल गांधी की यात्रा से कांग्रेस को संजीवनी मिली है।

खड़गे ने कहा – ‘आज़ादी के बाद कांग्रेस का सफ़र आज़ादी का इतिहास कहता है।  भारत की आजादी के आसपास कई और देश आजाद हुए थे, लेकिन वहां तानाशाही ने जगह ले ली। कांग्रेस की लोकतंत्र में आस्था की वजह से भारत विकसित हुआ क्योंकि कांग्रेस ने आजादी का संकल्प जन-जन तक पहुंचाया। नेहरू जी की पहली केबिनेट में 5 गैर कांग्रेसी नेता थे जो यह जाहिर करता है कि हमने सबको साथ लेकर चलने का काम किया।’

उन्होंने कहा कि देश में नफरत बढ़ती जा रही है। महंगाई और बेरोजगारी बढ़ती जा रही है, लेकिन सरकार को कोई चिंता नहीं है। खड़गे ने कहा कि यही कारण है कि राहुल गांधी की यात्रा ने दिखा दिया है कि देश में कांग्रेस की विचारधारा को स्वीकार्यता मिल रही है, इसीलिए भाजपा के लोग घबराए हुए हैं।

कांग्रेस के स्थापना दिवस समारोह में सोनिया गांधी और राहुल भी उपस्थित रहे। उनके अलावा पार्टी के कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता पार्टी मुख्यालय पहुंचे हैं।

इससे पहले कांग्रेस अध्यक्ष ने आज सुबह एक ट्वीट में कहा – ‘भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस ने हमेशा भारत के लोगों की भलाई और प्रगति के लिए काम किया है। हम भारत के संविधान में निहित राजनीतिक, आर्थिक और सामाजिक अधिकारों में गारंटीकृत अवसर की समानता में दृढ़ता से विश्वास करते हैं।’ ट्वीट में उन्होंने एक वीडियो भी टैग किया है जिसमें  कांग्रेस की स्थापना के बाद से वर्तमान में चल रही भारत जोड़ो यात्रा तक के कांग्रेस के इतिहास के लेकर वर्तमान तक की यात्रा को दिखाया गया है।

याद रहे राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस की ‘भारत जोड़ो यात्रा’ का पहला चरण दो दिन पहले दिल्ली में पूरा हो गया। अभी तक के जनता के सहयोग को देखते हुए कांग्रेस उत्साहित दिख रही है।