कांग्रेस ने असम में भी ‘भारत जोड़ो यात्रा’ शुरू की, खोई ज़मीन तलाशने की तैयारी में पार्टी

राहुल गांधी के नेतृत्व में ‘भारत जोड़ो यात्रा’ की तर्ज पर कांग्रेस ने असम में भी ऐसी ही यात्रा की शुरुआत कर दी है। पार्टी का मकसद 834 किलोमीटर लंबी इस यात्रा के जरिये पुराणी ज़मीन हासिल करना है। इसे एक तरह से 2024 के आम चुनाव की तैयारी माना जा रहा है।

असम में पार्टी की यह यात्रा तब शुरू हुई है जब कांग्रेस पहले ही राहुल गांधी के नेतृत्व में कन्याकुमारी से कश्मीर तक 3,570 किलोमीटर लंबी ‘भारत जोड़ो यात्रा’ कर रही है। इसमें काफी भीड़ उमड़ती देखी गयी है जिससे पार्टी उत्साहित नजर आ रही है। अब असम की यात्रा शुरू करके उसने उत्तर पूर्व के सबसे प्रमुख राज्य  दस्तक दे दी है।

यात्रा का आयोजन असम प्रदेश कांग्रेस कमेटी कर रही है। उसने अपने जनसंपर्क अभियान के तहत इसका आयोजन किया है। पूजा अर्चना के बाद इसकी शुरुआत लोअर असम के धुबरी से की गई है, जो कि अपर असम के सादिया तक जाएगा। पार्टी नेताओं की उपस्थिति में भारत-बांग्लादेश सीमा के पास स्थित गोलोकगंज शहर में यह यात्रा शुरू हुई।

इस दौरान कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव और असम इकाई के प्रभारी जितेंद्र सिंह, एपीसीसी अध्यक्ष भूपेन कुमार बोरा, लोकसभा सदस्य प्रद्युत बोरदोलोई और राज्य इकाई के अन्य वरिष्ठ नेता उपस्थित थे। कांग्रेस ने दावा किया है कि पहले ही दिन पार्टी को जनता की तरफ से अच्छा रिस्पांस मिला है।