कांग्रेस जीती तो गरीबों को न्यूनतम आमदनी : राहुल

'क़ानून से हर गरीब के बैंक खाते में न्यूनतम राशि डाली जाएगी'

कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने २०१९ के लोक सभा चुनाव के लिए सोमवार को बहुत बड़ा वादा किया है जो ”गेमचेंजर” हो सकता है। राहुल ने देश की जनता से कहा है कि यदि कांग्रेस सत्ता में आई गरीबों के लिए न्यूनतम आमदनी कानून लागू किया जाएगा। इसके तहत हर गरीब के बैंक एकाउंट में न्यूनतम आमदनी की राशि डाली जाएगी।

छत्तीसगढ़ में राहुल ने एक जनसभा में कहा कि ”ऐसा करने वाली कांग्रेस सरकार दुनिया की पहली सरकार बन जाएगी।” राहुल ने कहा कि गरीबों के लिए ऐसा काम किया जाएगा, जो अब तक पूरी दुनिया में किसी भी सरकार ने नहीं किया है।

छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के अटल नगर में किसान आभार रैली में राहुल गांधी ने २०१९ में कांग्रेस को सत्ता तक पहुँचाने के लिए यह बड़ा वादा किया है। राहुल ने कहा – ”२०१९ में केंद्र में कांग्रेस की सरकार बनने पर गरीबों के लिए न्यूनतम आमदनी वाला कानून लाया जाएगा। इस क़ानून में हर गरीब के बैंक खाते में न्यूनतम आमदनी की राशि डाली जाएगी। ऐसा करने वाली कांग्रेस सरकार दुनिया की पहली सरकार बन जाएगी।”

इस मौके पर गांधी ने केंद्र की मोदी सरकार पर जबरदस्त निशाना साधा।   राहुल गांधी ने कहा – ”भाजपा दो हिंदुस्तान बनाना चाहती है। एक हिंदुस्तान उद्योगपतियों का बनाना चाहती है, जहां कर्ज माफ उद्योगपतियों को सब कुछ मिल सकता है। और दूसरा गरीब किसानों का हिंदुस्तान, यहां कुछ नहीं मिलेगा, सिर्फ मन की बात सुनने को मिलेगी।”

कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि यदि २०१९ के लोकसभा चुनाव के बाद कांग्रेस की सरकार बनेगी तो जनता के मन की बात सुनी जाएगी।  कहा – हम जनता के मन के अनुसार काम करेंगे।” विधानसभा चुनाव की छतीसगढ में जबरदस्त जीत के बाद राहुल गांधी की यह पहली यात्रा थी और उन्होंने अगले चुनाव के लिए कांग्रेस का सबसे बड़ा ऐलान आज यहीं से किया।