कांग्रेस के संगठन चुनाव की तैयारी, आज हो सकती है सीडब्ल्यूसी में घोषणा

आखिर कांग्रेस ने संगठन और अध्यक्ष का चुनाव करवाने की तैयारी कर ली है। दिल्ली में चल रही कांग्रेस कार्यसमिति (सीडब्ल्यूसी) की बैठक में अध्यक्ष सोनिया गांधी ने इसका ऐलान किया है। चुनाव की रूपरेखा तैयार कर ली गयी है और इसका काम इसी पहली नवंबर से शुरू हो जाएगा जो करीब एक साल तक चल सकता है।  संभावना है कि पार्टी का नया अध्यक्ष जब चुना जाएगा तब तक अगले साल देश में होने वाले कुछ विधानसभाओं के चुनावों के नतीजे आ चुके होंगे।

आज की बैठक में सोनिया गांधी ने सख्त लफ्जों का इस्तेमाल करते हुए असंतुष्टों को मीडिया के बजाए अपनी बात पार्टी मंचों पर रखने की हिदायत दी है। सोनिया गांधी ने कहा कि युवा निचले स्तर पर पार्टी का जिम्मा संभाल रहे हैं। आज की बैठक में सोनिया गांधी ने बिना किसी का नाम लिए ‘ड्राइंग रूम’ की राजनीति करने वाले नेताओं को साफ़ कर दिया है कि ऐसा नहीं चलेगा और उन्हें सही तरीके से चलना पड़ेगा।

सोनिया गांधी के जी-23 के नेताओं की हाल की मांग कि पार्टी में पूर्णकालिक अध्यक्ष बनाया जाए, का जिक्र किये बिना साफ़ तौर पर कहा कि वे पूर्णकालिक अध्यक्ष ही हैं। आज की बैठक में सोनिया गांधी के भाषण से साफ़ जाहिर हो गया है कि अनुशासन से बाहर जाकर सार्वजनिक मंचों से पार्टी और नेतृत्व को कोसने वालों को अब सीमा में रहना होगा, अन्यथा उनके खिलाफ कार्रवाई भी हो सकती है। हाल के दिनों में कपिल सिब्बल, मनीष तिवारी, गुलाम नबी आज़ाद आदि नेताओं ने विरोध के स्वर उठाए थे। आज बाद में संगठन चुनाव की विधिवत जानकारी (तारीख आदि) पार्टी के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल देंगे।

पार्टी के चुनाव की भी तैयारी कर ली गयी है। ‘तहलका’ की जानकारी के मुताबिक पहली नवंबर से संगठन चुनाव का काम शुरू हो जाएगा और लगभग एक साल तक चलेगा। ऐसे में पार्टी को अगले साल अक्टूबर के आखिर या नवंबर के शुरू में नया अध्यक्ष मिल जाएगा। यह देखना दिलचस्प होगा कि उस चुनाव में क्या पार्टी के बीच आम सहमति से अध्यक्ष चुना जाएगा या गांधी परिवार को चुनौती दी जाएगी। वैसे पार्टी के 95 फीसदी कार्यकर्ता और नेता राहुल गांधी या उनके इंकार करने की स्थिति में प्रियंका गांधी को अध्यक्ष बनाने के पक्ष में हैं।

सोनिया गांधी ने आज की बैठक में मोदी सरकार और भाजपा पर भी जमकर हमला किया। महंगाई पर सोनिया ने कहा कि जनता का जीना दूभर हो गया है। उन्होंने लखीमपुर-खीरी की घटना को चौंकाने वाली घटना बताया और कहा कि यह घटना भाजपा की मानसिकता को दिखाती है कि वह किस तरह किसान आंदोलन को देखती है। उन्होंने कहा – ‘ये दिखाती है कि भाजपा किसानों के अपने जीवन और आजीविका की रक्षा के लिए इस मजबूत संघर्ष से कैसे निपट रही है।’

आज की बैठक में गांधी ने हाल में जम्मू-कश्मीर में अल्पसंख्यकों की हत्या की सख्त निंदा की और कहा कि दोषियों को न्याय के कठघरे में लाने और इस केंद्रशासित प्रदेश में शांति और सौहार्द बहाल करने की जिम्मेदारी केंद्र सरकार की है।

बैठक में तमाम बड़े पार्टी नेता, जो विस्तारित सीडब्ल्यूडी के सदस्य हैं, हिस्सा ले रहे हैं जिनमें हाल में पंजाब के सीएम बने चरणजीत सिंह चन्नी भी शामिल हैं। राहुल गांधी भी बैठक में हैं। जानकारी के मुताबिक बैठक में 52 सदस्य पहुंचे हैं। बैठक में कांग्रेस शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों के साथ सीडब्ल्यूसी सदस्य, स्थायी आमंत्रित और समिति के विशेष आमंत्रित सदस्य शामिल हैं।

बैठक में आगे पार्टी नेता आने वाले विधानसभा चुनावों में पार्टी की रणनीति पर भी चर्चा करेंगे। अगले साल उत्तर प्रदेश और पंजाब सहित पांच राज्यों में विधानसभा चुनाव होने हैं। बैठक में सीडब्ल्यूसी में प्रस्ताव भी पास होंगे जिनमें महंगाई, राजनीतिक और कांग्रेस संगठन के चुनाव शामिल हैं।

आज बाद में संगठन चुनाव की विधिवत जानकारी भी पार्टी के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल देंगे। उससे पहले बैठक में संगठनात्मक स्तर पर बदलाव को लेकर चर्चा की जाएगी और सभी नेताओं के विचार जाने जाएंगे। संभावना पकी है कि पार्टी में अब अंतरिम चुनाव की जगह पूर्णकालिक अध्यक्ष और संगठन चुनाव की चर्चा होगी। सीडब्ल्यूसी चुनाव पर मुहर लगाएगी।