कांग्रेस अध्यक्ष चुनाव के लिए वोटिंग शुरू, खड़गे और थरूर में है सीधा मुकाबला

कांग्रेस अध्यक्ष पद के लिए मतदान शुरू हो गया है। दो वरिष्ठ नेता मल्लिकार्जुन खड़गे और शशि थरूर में सीधा मुकाबला है। चुनाव में देश भर में 9800 के करीब डेलीगेट वोट डालेंगे। नतीजे 19 अक्टूबर को घोषित किये जाएंगे। मतदान शाम 4 बजे तक जारी रहेगा। करीब 24 साल बाद कोई गैर गांधी कांग्रेस का अध्यक्ष बनेगा। इससे पहले कांग्रेस अध्यक्ष पद के लिए 2000 में चुनाव हुआ था जब सोनिया गांधी के मुकाबले उतरे जितेंद्र प्रसाद को कड़ी हार का सामना करना पड़ा था।

जानकारी के मुताबिक कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी, पूर्व पीएम मनमोहन सिंह और प्रियंका गांधी राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में वोट डालेंगे। उधर ‘भारत जोड़ो यात्रा’ का नेतृत्व कर रहे राहुल गांधी कर्नाटक के बेल्लारी में मतदान करेंगे, जहाँ अस्थाई विश्राम कैम्प मको मतदान केंद्र का रूप दिया गया है। इस मतदान केंद्र में राहुल गांधी सहित 40 डेलीगेट, जो यात्रा में उनके साथ हैं, वोट डालेंगे।

कांग्रेस में अध्यक्ष पद का चुनाव करीब 22 साल बाद हो रहा है। साथ ही 24 साल बाद कांग्रेस का अध्यक्ष कोई गैर गांधी बनेगा। वैसे कांग्रेस के 137 साल के इतिहास में अध्यक्ष पद के लिए छठी बार चुनाव हो रहा है क्योंकि कई चुनाव ऐसे भी हुए जिसमें उम्मीदवारों को किसी ने चुनौती ही नहीं दी।

पद के लिए मैदान में उतरे मल्लिकार्जुन खड़गे और शशि थरूर दोनों ही पार्टी के वरिष्ठ नजीता हैं। बेशक खड़गे काफी अनुभवी और वरिष्ठ हैं, थरूर पार्टी में बदलाव के लिए चुनाव लड़ रहे हैं, भले उनका कहना है कि चाहे कोई भी जेते, यह पार्टी की जीत होगी। यह देखना दिलचस्प होगा कि जी-23 जो अब काफी कमजोर पड़ चूका है उसका क्या रोल रहता है। यह माना जाता है कि इस गुट के नेता थरूर को समर्थन कर सकते हैं।

चुनाव में प्रदेश कांग्रेस समितियों (पीसीसी) के 9,800 से अधिक प्रतिनिधि गुप्त मतदान के जरिये नया अध्यक्ष चुनेंगे। दिल्ली कांग्रेस मुख्यालय और देशभर के 65 से ज्यादा केंद्रों पर मतदान किया जाएगा।

खड़गे, जिन्हें गांधी परिवार का करीबी माना जाता है, को ज्यादातर वरिष्ठ नेता समर्थन करते दिखे हैं। राज्यों में राहुल गांधी के लिए जबरदस्त समर्थन को देखते हुए खड़गे की जीत तय मानी जा रही है। खड़गे राहुल गांधी की टीम के सदस्य रहे हैं। उधर थरूर भी चुनाव प्रचार के समय वे भी गांधी परिवार को पार्टी में महत्वपूर्ण मानने की बात कह चुके हैं।

इस बीच  कांग्रेस के केंद्रीय चुनाव प्राधिकरण के अध्यक्ष मधुसूदन मिस्त्री ने आज सुबह कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष का चुनाव गुप्त मतदान के जरिये होगा और किसी को पता नहीं चलेगा कि किसने किसे वोट डाला। उन्होंने कहा कि दोनों उम्मीदवारों के लिए समान अवसर मुहैया कराए गए हैं।