कश्मीर, हिमाचल में बर्फबारी

दिल्ली में घने बादल, चंडीगढ़ में बारिश से ठण्ड

फोटो : वासु अहलूवालिया

जम्मू कश्मीर और हिमाचल समेत बर्फबारी वाले राज्यों में गुरूवार को भारी बर्फबारी हुई है जिससे आम जनजीवन ठप्प हो गया है। कई जगह रास्ते बंद हो गए हैं और लोगों को बड़ी दिक्कत झेलनी पद रही है। राजधानी दिल्ली में सुबह से बादल छाये हुए हैं जबकि चंडीगढ़ में बारिश हुई है।

जानकारी के मुताबिक हिमाचल में बर्फबारी और बारिश का क्रम बुधवार से चल रहा है और ऊंची चोटियों पर बर्फ गिर रही है। निचले इलाकों में बारिश का दौर चला हुआ है। बिगड़े मौसम के चलते प्रदेश में शीतलहर तेज हो गई है। बर्फबारी और बारिश से तापमान में गिरावट आई है।

दुर्गम इलाकों किन्नौर, लाहुल-स्पीति चंबा के ऊंचाई वाले इलाके और धौलाधार की ऊंची चोटियां बर्फबारी से सराबोर हो गई है। रोहतांग दर्रे में ढाई फीट ताजा बर्फबारी हुई है। मढी में डेढ़, गुलाबा में एक फुट, सोलंग नाला, पलचान कोठी में आधा फुट ताजा बर्फबारी हुई है। ऊंचाई वाले क्षेत्रों में ताजा बर्फ़बारी आम जनजीवन प्रभावित हुआ है। कई इलाकों में यातायात प्रभावित हो गया है।

मौसम विभाग ने पश्चिमी विक्षोभ के एक बार फिर सक्रिय होने और पहाड़ों में जमकर बर्फबारी की संभावना जताई है। मनाली स्थित स्नो एंड एवालांच स्टडी एस्टैबलिशमेंट ने पांच जिलों- चंबा, लाहुल-स्पीति, शिमला, किन्नौर और कुल्लू में हिमस्खलन की चेतावनी भी जारी की है।

कुल्लू और चंबा में प्रशासन ने अलर्ट जारी किया है और लोगों को एहतियात बरतने की सलाह दी है।

राजधानी दिली में सुबह से घने बादल छाये हुए हैं और तेज हवा चल रही है। राजधानी  बुधवार को हल्की गर्मी के बाद आज ठण्ड है। चंडीगढ़ में भी बारिश हुई है जिससे वहां तापमान में गिराबट आई है।