कश्मीर में भारी बर्फबारी के बाद यातायात, टेलीफोन सेवाएं ठप

पहले से ही समस्यायों में फंसे जम्मू-कश्मीर में अब भारी बर्फबारी ने कहर ढा दिया  है। कश्मीर में बर्फबारी हुई है। इसके बाद राज्य मुख्यालय श्रीनगर सहित कई जगह
यातायात ठप हो गया है और टेलीफोन सेवाएं बुरी तरह प्रभावित हुई हैं।

बर्फबारी के बाद यातायात प्रभावित होने से लोगों की दिक्क्तें बढ़ गयी हैं। श्रीनगर में यातायात पर तो असर पड़ा ही है, टेलीफोन सेवा भी कमोवेश ठप हो गई हैं। पहले से कश्मीर गए सैलानियों में, हालांकि, बर्फबारी से उत्साह है। गुलमर्ग में अधिकतम और न्यूनतम तापमान माइनस में पहुंच गया है जबकि लेह का न्यूनतम तापमान माइनस में दर्ज किया गया है।

धारा ३७० ख़त्म होने और राज्य का विशेष सूबे का दर्जा ख़त्म किये जाने के बाद पैदा हुई समस्यायों के बीच जम्मू-कश्मीर के पर्वतीय इलाकों में बुधवार को मौसम का पहला हिमपात हुआ। जम्मू कश्मीर अब केंद्र शासित प्रदेश है।

पर्यटन स्थल गुलमर्ग के ऊंचाई वाले इलाकों में करीब दो फुट जबकि तंगदार में डेढ़ फुट बर्फ गिर चुकी है। उत्तरी कश्मीर के बारामुला जिले के मशहूर पर्यटन स्थल गुलमर्ग में बर्फबारी तड़के शुरू हो गई। गुलमर्ग से मिली रिपोर्टस के मुताबिक वहां करीब १२५-३० सैलानी हैं।

वैसे गुलमर्ग में सामान्य हालत में हज़ारों लोगों की भीड़ रहती रही है। फिलहाल वहां  पर्यटन कारोबार तीन महीने से ढीला है। बर्फबारी के बाद पर्यटन उद्योग से जुड़े लोगों को उम्मीद ज़रूर बंधी है। बर्फबारी से माता श्रीवैष्णो देवी और कटड़ा में तापमान में गिरावट देखी गयी है। लगभग पूरे कश्मीर में बर्फबारी के बाद शीत लहर है।

उधर हिमाचल प्रदेश के किनौर और लाहुल स्पीति के अलावा उत्तराखंड में भी बर्फबारी की सूचना है।