कई जगह बेरिकेड्स तोड़कर किसान दिल्ली पहुंचे, पुलिस का लाठीचार्ज, आंसू गैस के गोले भी दागे गए

दिल्ली में किसानों और पुलिस के बीच तनाव बन गया है। किसानों ने मोदी सरकार के तीन विवादित कृषि कानूनों के खिलाफ आईटीओ सहित कई जगह पुलिस बेरिकेड्स तोड़ दिए हैं। इन किसानों में बड़ी संख्या में महिलाएं भी हैं। किसानों पर लाठीचार्ज भी हुआ है और उनपर आंसू गैस छोड़ी गयी है। कुछ किसानों के लाठीचार्ज में घायल होने की खबर है। किसानों का एक ग्रुप आज सुबह समय से पहले ही दिल्ली की तरफ आगे बढ़ गया। किसान आईटीओ से आगे बढ़ चुके हैं और उन्होंने कहा है कि वे लाल किले तक पहुंचेंगे। पहले से तय रूट्स पर भी लाखों किसान आगे बढ़ रहे हैं। किसानों ने अपने ट्रैक्टरों पर तिरंगे लगा रखे हैं और देशभक्ति के गीत बजा रहे हैं।

दिल्ली पुलिस ने सोमवार को किसानों को दिल्ली में तय किये गए रूटों पर जाने की इजाजत दी थी। हालांकि, किसानों की इतनी बड़ी भीड़ है कि यह भी पता नहीं है कि कहाँ से जाना है। लिहाजा जहाँ बेरिकेड्स हैं, वहां किसान उन्हें तोड़ते हुए आगे बढ़ रहे हैं।  प्रदर्शनकारी किसान गाजीपुर बॉर्डर से प्रगति मैदान पहुंचकर सेंट्रल दिल्ली की ओर बढ़ रहे हैं।

अभी तक की स्थिति के मुताबिक किसान और पुलिस के बीच कुछ जगह तनाव की स्थिति भी बनी है। कई जगह पुलिस वाले खुद ही किसानों की भीड़ देखकर वहां से भागते हुए दिखे हैं। बता दें किसान आज दिल्ली में ट्रैक्टर परेड’ निकाल रहे हैं। इसके लिए किसानों ने सभी जगहों पर पुलिस के बैरिकेड्स तोड़कर दिल्ली की सीमाओं में दाखिल होना शुरू कर दिया है।

सिंघु, टिकरी और गाजीपुर बॉर्डर पर किसानों ने दिल्ली पुलिस के लगाए गए बैरिकेड्स तोड़ दिए हैं और दिल्ली में दाखिल हो गए हैं। ऐसा की कुछ नजारा गुरुग्राम में फरीदाबाद में भी देखा गया। बेकाबू होते किसानों को रोकने के लिए पुलिस किसानों को काबू करने के लिए जहां संजय गांधी ट्रांसपोर्ट नगर में आंसू गैस छोड़ी गई वहीं गाजीपुर में लाठीचार्ज किया गया। गुरुग्राम में किसानों की तिरंगा परेड रोकने के लिए मानेसर घाटी में गुरुग्राम पुलिस ने भारी वाहनों को रोककर जाम लगा दिया, जिसके कारण पिछले 12 घंटे से ट्रक चालक फंसे हुए हैं। ऐसे में मंगलवार सुबह ट्रक चालकों ने ट्रक के अंदर ही खाना बनाकर खाया।

गणतंत्र दिवस समारोह और किसानों की प्रस्तावित ट्रैक्टर परेड के मद्देनजर राजपथ और राष्ट्रीय राजधानी की कई सीमाओं पर हजारों सशस्त्र सुरक्षा कर्मियों को तैनात किया गया है। तीन विवादित कृषि कानूनों का विरोध कर रहे किसान संघों ने कहा था कि उनकी परेड मध्य दिल्ली में प्रवेश नहीं करेगी और यह गणतंत्र दिवस पर होने वाली आधिकारिक परेड के समापन के बाद ही शुरू होगी। संघों ने दावा किया था कि उनकी परेड में करीब दो लाख ट्रैक्टरों के हिस्सा लेने की उम्मीद है और यह सिंघू बॉर्डर, टिकरी बॉर्डर तथा गाज़ीपुर (यूपी गेट) से रवाना होगी।