कंट्रोल सी और कंट्रोल वी के जनक टेस्लर नहीं रहे

कोई भी शख्स जो डिजिटल वल्र्ड से जुड़ा हो, शायद ही ऐसा हो जो कंट्रोल सी और कंट्रोल वी से वाकिफ न हो। जी हां हम बात कर रहे हैं कंप्यूटर और स्मार्ट फोन में कॉपी और पेस्ट के लिए यूज किए जाने वाले शॉर्ट कट कमांड की। क्या आपको मालूम है कि इसके जनक कौन हैं? शायद नहीं। सॉफ्टवेयर की दुनिया में इसे ईजाद करने वाले का नाम है-लॉरी टेस्लर। लॉरी टेस्लर अब इस दुनिया में नहीं रहे। सोमवार को उन्होंने अंतिम सांस ली।
टेस्लर ने 1960 के दशक में अमेरिका के सिलिकॉन वैली में बतौर कंप्यूटर इंजीनियर के तौर पर काम करना शुरू किया था। अपने काम को आसान बनाने के लिए उन्होंने ने कंप्यूटर में कंट्रोल सी और कंट्रोल वी कमांड को सबसे पहले प्रयोग किया और कहें कि इन्हें ईजाद करके कंप्यूटर युग में एक नई क्रांति की शुरुआत कर दी थी।
जेरॉक्स कंपनी में भी लंबे समय तक टेस्लर ने काम किया था। उनके निधन पर जेरॉक्स कंपनी की ओर से शोक जताया गया है। जेरॉक्स की ओर से ट्वीट किया गया कि लॉरी के निधन से दुखी है और पर उनके खोजे कमांड वाकई सराहनीय हैं। ये कमांड पूरी दुनिया में अब आम हो गए हैं।
लॉरी का जन्म 1945 में न्यूयॉर्क में हुआ था। उन्होंने कैलिफोर्निया के स्टैनफोर्ड यूनिवर्सिटी से पढ़ाई पूरी की थी। ग्रेजुएशन पूरा करने के बाद लॉरी ने कंप्यूटर यूज को सरल बनाने वाले सिस्टम इंटरफेस डिजाइन के लिए काम किया। जेरॉक्स के साथ लंबे समय तक रहने के बाद उनको स्टीव जॉब्स ने बुलाया। इसके बाद उन्होंने एपल कंपनी को ज्वाइन किया। 1997 में एपल में बतौर चीफ रिसर्चर उन्होंने 17 साल तक काम किया। इसके बाद लॉरी ने 2001 में अमेजन  और 2005 में याहू ज्वाइन करके कुछ समय इन दोनों कंपनियों के साथ भी बिताया।