ओडिशा अगले 10 साल तक हॉकी को करेगा स्पांसर

देश के राष्ट्रीय खेल हॉकी के महिला और पुरुष राष्ट्रीय टीम के खिलाड़ियों ने मंगलवार को ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक से मुलाकात की। इस दौरान कलिंगा स्टेडियम में राज्य के मुख्यमंत्री ने सभी खिलाड़ियों को सम्मानित किया और ओलंपिक में उनके प्रदर्शन के लिए बधाई दी। इतना ही नहीं, मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने इस मौके पर बड़ा ऐलान किया। उन्होंने कहा कि ओडिशा राज्य अगले 10 साल तक भारतीय हॉकी को स्पॉन्सर करता रहेगा। इससे पहले एक वक्त ऐसा आया था कि हॉकी पर कोई पैसा ही नहीं लगाना चाह रहा था।
बता दें कि पिछले दिनों टोक्यो ओलंपिक 2020 में दोनों हॉकी की टीमों ने ऐतिहासिक प्रदर्शन किया। पुरुष टीम ने टोक्यो ओलंपिक में 41 साल बाद भारत के लिए कांस्य पदक जीता। वहीं इतिहास में महिला टीम पहली बार सेमीफाइनल तक पहुंची। महिला टीम भले ही पदक न जीत सकी हों, पर दिल जीत लिया।
नवीन पटनायक की पहल पर ओडिशा राज्य भारतीय हॉकी टीम को 2018 से स्पॉन्सर कर रही है। भारतीय टीम को फिर से खड़ा करने में उनका अहम योगदान रहा है। इससे पहले मंगलवार को भारतीय पुरुष और महिला हॉकी टीमों का भुवनेश्वर हवाई अड्डे पर जोरदार स्वागत किया गया इस दौरान वहां प्रदेश के खेलमंत्री टी के बहेड़ा और भारतीय पुरुष हॉकी टीम के पूर्व कप्तान दिलीप टिर्की भी मौजूद रहे।
टोक्यो ओलंपिक में झंडा गाड़ चुके जांबाजों का स्वागत करने के लिए पूरे शहर में पोस्टर, बैनर और होर्डिंग लगाए गए। परंपरागत तरीके से शंखनाद, फूलमालाओं और टीका लगाकर खिलाड़ियों का स्वागत किया गया। इसके अलावा ओडिशा के पारंपरिक और लोक नृत्य समूहों ने कार्यक्रम भी पेश किए गए। खिलाड़ियों का सम्मान और हौसलाअफजाई आगे टीम को नए मुकाम पर पहुंचा सकती है।