एसटीएफ से बातचीत वाला विकास दुबे का वीडियो वायरल, दो भाजपा नेताओं के ले रहा है वो नाम  

उतर प्रदेश पुलिस के ८ जवानों की हत्या करके फरार होने वाले शातिर अपराधी विकास दुबे के दो पुराने वीडियो में सामने आया है कि उसका ”राजनीतिक गुरु’ कौन था और उसके यह भी कि उसके भाजपा के दो बड़े नेताओं से कथित संबंध रहे। वैसे दुबे के यूपी की तीन सबसे पार्टियों बसपा, भाजपा और सपा से संबंधों के आरोप लगते रहे हैं।

इन दो वीडियो में से एक २००६ का है जिसमें दुबे ने अपने ”राजनीतिक गुरू” का नाम बताया है। इसके अलावा दूसरा वीडियो २०१७ का जिसमें वो एसटीएफ की पूछताछ में भाजपा विधायक भगवती सागर और अभिजीत सांगा का नाम ले रहा है।

वीडियो के मुताबिक विकास दुबे ने स्वीकार किया है कि इन भाजपा नेताओं से उसके कथित राजनीतिक रिश्ते हैं। यह वीडियो सामने आने के बाद, इन दोनों विधायकों ने, दुबे से किसी भी तरह के रिश्तों की बात को गलत बताया है।

उधर पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि इस घटना से ऐन पहले विकास को किस पुलिस वाले या थाने से फोन आया था, जैसा कि इस घटना में पकड़े गए एक आरोपी ने खुलासा किया है। उधर तीन और पुलिस वालों को विकास कनेक्शन में सस्पेंड कर दिया गया है।

फिलहाल विकास दुबे फरार है और उसका कोई सुराग पुलिस को नहीं मिला है। बीच में उसके एनकाउन्टर में मारे जाने के फ़र्ज़ी वीडियो भी सामने आये हैं। यह माना जा रहा है कि विकास को भगाने में पुलिस में उसके ”दोस्तों” ने मदद की है।