एम जे अकबर ने यौन उत्पीड़न के आरोपों को किया खारिज

केन्द्रीय मंत्री एम जे अकबर ने अपने खिलाफ लगाये गये यौन उत्पीड़न के आरोपों को ने सिर्फ खारिज कर दिया है बल्कि अपने ऊपर इस तरह के आरोप लगाने वाली महिलाओं के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की चेतावनी भी दे दी है।
अफ्रीका की यात्रा से लौटने के कुछ ही घंटों बाद विदेश राज्य मंत्री ने एक बयान जारी किया और इन आरोपों को बेबुनियाद बताया।
उन्होंने कहा,‘‘मेरे खिलाफ लगाए गये दुर्व्यवहार के आरोप झूठे और मनगढंत है। इन झूठे और बेबुनियाद आरोपों से मेरी छवि को अपूर्णीय क्षति पहुंची है।’’
अकबर ने कहा कि झूठ के पांव नहीं होते हैं, लेकिन उसमें जहर भरा होता है। इस जहर भरे झूठ को सनक में उनपर फेंका जा रहा है, जो काफी दुखद है। इन आरोपों से उनकी प्रतिष्ठा का अपूर्णीय क्षति हुई है।
केन्द्रीय मंत्री ने यह भी कहा कि उनके वकील “मनगढंत” और “बेबुनियाद” आरोपों पर गौर करेंगे।
अपने खिलाफ चलाए गए अभियान के पीछे बड़ी साजिश का संकेत देते हुए उन्होंने कहा कि आम चुनाव के चंद महीने पहले शुरू किये इस अभियान के पीछे छिपे एजेंडे को लोग समझ सकते हैं।
सरकार ने पहले ही साफ कर दिया था कि दौरे से लौटने के बाद खुद अकबर आरोपों पर स्थिति साफ करेंगे।