एनएमसी बिल के विरोध में आज देश भर में डाक्टरों की हड़ताल

नेशनल मेडिकल काउंसिल (एनएमसी) बिल २०१९ के विरोध में आज देश भर के डाक्टर हड़ताल कर रहे हैं। इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए) के आह्वान पर यह हड़ताल हो रही है। हड़ताल के दौरान इमरजेंसी सेवाएं जारी रहेंगी।

रिपोर्ट्स के मुताबिक हड़ताल के चलते चिकित्सक ओपीडी में अपनी सेवाएं नहीं देंगे।  गौरतलब है कि नेशनल मेडिकल काउंसिल बिल- २०१९ लोकसभा में पारित किया गया है जिसका डाक्टर विरोध कर रहे हैं। डॉक्टरों का आरोप है कि ये बिल मेडिकल क्षेत्र के लिए किसी तरह से उचित नहीं और इससे डाक्टरों को कई तरह की चुनौतियों का सामना करना पड़ेगा।

आईएमए के अध्यक्ष शांतनु सेन ने कहा- ”इस बिल के आने से न केवल झोलाछाप डॉक्टरों को वैधता मिलेगी बल्कि लोगों की जान भी खतरे में रहेगी। हमारी हड़ताल मरीजों को परेशान करने के लिए नहीं है।”

हड़ताल का असर पूरे देश में दिख रहा है। हड़ताल के दौरान केवल गैरजरूरी मेडिकल सेवाओं को अटेंड नहीं किया जाएगा और हर तरह की इमर्जेंसी सेवाएं जारी रहेंगी। डॉक्टर बुधवार सुबह ६ बजे से गुरुवार सुबह ६ बजे तक ओपीडी में सेवाएं नहीं देंगे। अभी तक की ख़बरों के मुताबिक इस हड़ताल का देश भर में असर पड़ा है।