एक सौ चौंतीस साल की हुई कांग्रेस

राहुल ने मनमोहन के साथ पार्टी मुख्यालय में काटा केक

कांग्रेस शुक्रवार को १३४ साल की हो गयी। हाल में तीन राज्यों में भाजपा को सत्ता से बाहर कर अपनी सरकारें बनाने वाली कांग्रेस के इस स्थापना दिवस पर अध्यक्ष राहुल गांधी ने पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के साथ पार्टी मुख्यालय में केक काटा। इस कार्यक्रम में कांग्रेस के तमाम बड़े नेता शामिल रहे।
पार्टी अध्यक्ष राहुल गांधी ने पार्टी मुख्यालय पर झंडा फहराया। गांधी वरिष्ठ नेताओं के साथ पार्टी मुख्यालय पहुंचे और पार्टी के ध्वजारोहण के कार्यक्रम में शामिल हुए। ध्वजारोहण कार्यक्रम के बाद गांधी ने पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के साथ मिलकर केक काटा।
इन १३४ सालों में कांग्रेस ने एक लंबा सफर तय किया है। सत्ता से लेकर विपक्ष तक उसने विभिन्न नेताओं के नेतृत्व में देश की प्रगति में अहम् भूमिका निभाई है।
साल २०१४ के लोक सभा चुनाव में ४४ सीटों तक सिमट जाने वाली कांग्रेस देश में दोबारा उभरती दिख रही है और २०१९ के लोक सभा चुनाव में उसे  दावेदार माना जाने लगा है। अध्यक्ष राहुल गांधी भी इस समय पूरी फ़ार्म  हैं और पीएम मोदी से लेकर भाजपा की सरकार पर उनके हमले लगातार जारी हैं। खासकर उनके नेतृत्व में हाल में ३ राज्यों में जीत ने कांग्रेस में नए प्राण फूंक दिए हैं।
शुक्रवार को कांग्रेस के स्थापना दिवस कार्यक्रम के मौके पर पार्टी कोषाध्यक्ष अहमद पटेल, वरिष्ठ नेता मोतीलाल वोरा, संगठन महासचिव अशोक गहलोत, कपिल सिब्बल, शशि थरूर, आनंद शर्मा, एके एंटनी, गुलाम नबी आजाद इस मौके पर उपस्थित रहे।
इस कार्यक्रम के बाद अहमद पटेल ने अपने ट्वीट में कहा – ”आज ही के दिन १३३ साल पहने दुनिया का सबसे बड़ा जनांदोलन शुरू हुआ था। इसके बाद से यह आंदोलन राष्ट्र निर्माण के प्रति खुद को समर्पित रखे हुए है। इतिहास गवाह है कि जिन्होंने भी इस आंदोलन को खत्म करने की कोशिश की वे खुद इतिहास बन गए। यह आंदोलन कांग्रेस है।”