एक्सप्रेस-वे हादसे में ८ की मौत

एक बड़े हादसे में ग्रेटर नोएडा में यमुना एक्सप्रेसवे पर शुक्रवार तड़के आठ लोगों की मौत हो गयी जबकि हादसे में करीब २९ लोग घायल हुए हैं। न घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती किया गया है।
रिपोर्ट्स के मुताबिक हादसा तड़के आगरा से नोएडा की तरफ आने वाली डबल डेकर बस के एक खड़े ट्रक से जा टकराने के कारण हुआ। इस घटना में अब तक आठ लोगों की जान जाने और २९ लोगों के घायल होने की खबर है।
हादसा करोली गांव के पास हुआ और इतना भयावह था कि वाहन के परखच्चे उड़ गए। यह भयानक बस हादसा सुबह करीब पांच बजे हुआ। जानकारी के मुताबिक हादसे के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया जबकि मृतकों के शव पोस्टमोर्टम के लिए भेजे गए हैं।
बताया गया है कि रबूपुरा की पुलिस हादसे की छानबीन कर रही है। यमुना एक्सप्रेसवे पर हादसे अब रोज की बात हो गयी है। पिछले दिनों मथुरा जनपद में यमुना एक्सप्रेस-वे पर बुलंदशहर के अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (एसीजेएम) अरविंद विकास एक सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गए और अस्पताल में उनकी मृत्यु हो गयी।