उपचुनावों में भाजपा की बल्ले-बल्ले, एमपी में सरकार बचने की संभावना, हरियाणा में कांग्रेस की जीत

बिहार चुनाव में भले अभी तस्वीर साफ़ होने में कुछ समय लगे, मध्यप्रदेश, उत्तर प्रदेश समेत 11 राज्यों की 58 विधानसभा सीटों पर हुए उपचुनाव की मतगणना में भाजपा बहुत आगे चल रही है। हरियाणा में अन्ग्रेस्स ने जरूर बड़ी जीत दर्ज की है, मध्य प्रदेश में भाजपा अपनी सरकार बचाती हुई दिख रही है।

मध्यप्रदेश की 28 विधानसभा सीटों पर हुए उपचुनाव का परिणाम राज्य की शिवराज सिंह चौहान सरकार का भविष्य तय करेंगे। ज्यादातर राज्यों में सत्तारूढ़ दल उपचुनाव में फायदे में दिख रहे हैं। भाजपा ने एमपी की 28 में से 20 सीट, यूपी की सात में से 5 सीटें औऱ गुजरात की सभी आठ में से 7 सीटों पर बढ़त बना ली है।  कर्नाटक में भाजपा ने दोनों सीटें जीत ली हैं जबकि हरियाणा में कांग्रेस विजयी रही है।

उपचुनाव के लिए इन सीटों पर तीन नवंबर को मतदान हुआ था। गुजरात की आठ विधानसभा सीटों, मणिपुर की चार सीटों और हरियाणा की एक सीट, छत्तीसगढ़ की एक, झारखंड की दो सीटों, कर्नाटक की दो विधानसभा सीटों के लिए मतगणना हो रही है।

नागालैंड की दो सीटों, तेलंगाना की एक सीट और ओडिशा की दो सीटों के लिए भी वोटों की गिनती हो रही है। मणिपुर को छोड़कर सभी सीटों पर तीन नवंबर को मतदान हुआ था। मणिपुर की विधानसभा सीटों के लिए सात नवम्बर को मतदान हुआ था। बिहार की वाल्मीकि नगर सीट पर हुए लोकसभा उपचुनाव में जदयू प्रत्याशी आगे चल रहे हैं।

तेलंगाना की डुब्बक सीट पर भाजपा के रघुनंदन राव ने जीत दर्ज की है। रघुनंदन राव यहां से पिछले तीन चुनाव हार चुके थे। एमपी के इंदौर में कांग्रेस प्रत्याशी प्रेमचंद्र गुड्डू के समर्थकों ने मतगणना केंद्र पर हंगामे की खबर है। कांग्रेस नेता अजित बोरासी ने कहा कि मतगणना में धांधली के खिलाफ वे कोर्ट जाएंगे।