उन्नाव जिले में एचपी गैस रीफिलिंग प्लांट में आग, ५ झुलसे

उत्तर प्रदेश के उन्नाव जिले में गुरुवार को दही चौकी औद्योगिक क्षेत्र स्थित हिंदुस्तान पेट्रोलियम (एचपी) के गैस रीफिलिंग प्लांट में गैस रिसाव के बाद आग लगने से पांच लोग बुरी तरह झुलस गए हैं। हटना गैस रिसाव के बाद टैंक फटने से उसमें भीषण आग लग जाने से हुई। घायलों को अस्पताल में भर्ती किया गया है।
रिपोर्ट्स के मुताबिक हादसे के बाद मौके पर भगदड़ मच गई। करीब पांच लोग झुलस गए हैं जिन्हें इलाज के लिए कानपुर के रीजेंसी अस्पताल में दाखिल किया गया है। घटना की जानकारी मिलते ही फायर बिग्रेड की कई गाड़ियां वहां आग बुझाने पहुँच गईं।
पुलिस भी घटनास्थल पर मौजूद है। घटना के बाद एहतियात के नाते लखनऊ-कानपुर हाईवे पर यातायात रोक दिया गया। आग कई किलोमीटर के इलाके में  फैल सकती है। दही चौकी क्षेत्र के कई गांव खाली करा लिए गए हैं। आसपास की लगभग दस फैक्ट्रियों में कर्मचारियों की छुट्टी कर दी गई है। प्रशासन पूरी तरह से अलर्ट है। बताया जा रहा है कि टैंक का वॉल्व लीक होने के बाद धमाका हुआ। अभी तक आग पर काबू पाने की कोशिश जारी है।