उत्तराखंड में भाजपा को चुनाव से पहले बड़ा झटका; मंत्री यशपाल आर्य, बेटा कांग्रेस में शामिल हुए

उत्तराखंड में विधानसभा चुनाव से पहले सत्तारूढ़ भाजपा को झटके लगने शुरू हो गए हैं। वहां वरिष्ठ नेता और भाजपा सरकार में मंत्री यशपाल आर्य मंत्री पद से इस्तीफा देकर भाजपा छोड़ कांग्रेस में शामिल हो गए हैं। उनके साथ उनके बेटे संजीव आर्य भी कांग्रेस में चले गए हैं।

आर्य सोमवार को दिल्ली में बड़े नेताओं की उपस्थिति में कांग्रेस में शामिल हुए। कांग्रेस के संगठन मंत्री केसी वेणुगोपाल, उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल, पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत और मुख्य प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला इस मौके पर मौजूद थे। कांग्रेस में शामिल होने से पहले यशपाल आर्य ने उत्तराखंड के केबिनेट  मंत्री पद से इस्तीफा दे दिया।

याद रहे बता दें कि दोनों यशपाल और उनके बेटे संजीव साल 2017 में कांग्रेस से दलबदलकर भाजपा में शामिल हो गए थे। भाजपा की सरकार बनने के बाद यशपाल को तोहफा देते हुए केबिनेट मंत्री बनाया गया था। इस मौके पर सुरजेवाला ने कहा कि यशपाल आर्य किसी पहचान के मोहताज नहीं हैं।

याद रहे यशपाल आर्य लंबे समय तक उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष रहे हैं। यशपाल 6 बार उत्तराखंड विधानसभा के लिए चुने गए हैं। यशपाल ने इस मौके पर कहा – ‘कांग्रेस ही एक ऐसी पार्टी है जो सही मायने में सभी धर्मों, समुदायों और लोगों का प्रतिनिधित्व करती है। घर वापस आकर मैं खुश हूँ।’

उधर सुरजेवाला ने कहा – ‘दलित, वंचित और गरीब समाज की बढ़ोतरी के लिए पूरे उत्तर भारत में यशपाल आर्य ने कई काम किए हैं। राहुल गांधी से मिलकर यशपाल और संजीव आर्य ने कांग्रेस की सरकार का गठन करने का संकल्प किया है।’