इरफान पठान ने जाॅर्ज लाॅयड की मौत का जिक्र कर उठाया सवाल

भारत में जारी किसान आंदोलन पर अब दुनियाभर की नजर पड़ गई है। कृषि कानूनों के खिलाफ जहां समर्थन में विदेशी हस्तियां सोशल मीडिया पर ट्वीट कर रही हैं तो वहीं अब सिनेमा जगत के बाद क्रिकेटर भी इस मामले पर अपनी राय रख रहे हैं। इस दौरान सरकार और आम लोगों से सवाल पूछे जा रहे हैं। अब पूर्व भारतीय क्रिकेटर आलराउंडर इरफान पठान ने पूछा है कि जब जॉर्ज फ्लॉयड की अमेरिका में एक पुलिसकर्मी ने हत्या कर दी थी तो भारत ने दुख जताया था।

अंतर्राष्ट्रीय पॉप स्टार रिहाना, ग्रेटा थनबर्ग के अलावा अमेरिका की उपराष्ट्रपति कमला हैरिस की भतीजी भी मामले में समर्थन कर चुकी हैं। सचिन तेंदुलकर समेत कई दिग्गज क्रिकेटरों ने इसे भारत का आंतरिक मामला बताया। अब इरफान पठान ने ट्विटर पर सवालिया अंदाज में लिखा कि जॉर्ज फ्लॉयड की हत्या पर भारत ने दुख जताया लेकिन यह अमेरिका का आंतरिक मसला हो सकता था। इरफान ने ट्वीट किया, जब जॉर्ज फ्लॉयड को अमेरिका में एक पुलिसकर्मी ने बर्बर तरीके से पीट-पीटकर मार दिया था, तब हमारे देश ने दुख जताया था।

बता दें कि अमेरिका में अश्वेत जॉर्ज फ्लॉयड की पुलिस हिरासत में मौत के बाद भारी बवाल हुआ था। पूरे अमेरिका में हिंसक विरोध प्रदर्शन हुए, जिसमें चार हजार से ज्यादा लोगों की गिरफ्तारी हुई। जब 25 मई को अश्वेत जॉर्ज फ्लॉयड को पुलिस ने पकड़ा, तो उन्होंने कहा कि उन्हें सांस लेने में परेशानी हो रही थी। पुलिस हिरासत में ही उनकी मौत हो गई। बाद में यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया था। इरफान से पहले आईपीएल टीम सनराइजर्स हैदराबाद के पेसर संदीप शर्मा ने रिहाना का सपॉर्ट करते हुए ट्वीट किया लेकिन बाद में उसे डिलीट कर दिया।

पाॅप स्टार रिहाना ने किसान आंदोलन की एक तस्वीर शेयर करते हुए लिखा, हम इस बारे में क्यों नहीं बात कर रहे हैं? उन्होंने हैशटैग फार्मर प्रॉटेस्ट का इस्तेमाल किया था। इसके बाद बाॅलीवुड के दिग्गज कलाकारों के अलावा राजनेता भी देश के एकजुट होने को लेकर समर्थन करने लगे थे, यहां तक राहुल गांधी ने भी मामले को देश का आंतरिक मामला बताया था।