इंडिगो के फ्लीट में हुए २०० विमान

देश की सबसे बड़ी घरेलु विमानन कम्पनी बनी

किफायती माने जाने वाली घरेलू विमानन एयरलाइन कंपनी इंडिगो देश की सबसे बड़े बेड़े वाली कंपनी बन गयी है। उसके फ्लीट में अब २०० विमान हो गए हैं। इंडिगो के फ्लीट में हाल में चार नए एयरबस शामिल होने के बाद अब २०० विमान हो गए हैं जिसे भारतीय विमानन इतिहास में एक बड़ी छलांग माना जा सकता है।
इंडिगो के फ्लीट में जो चार नए विमान शामिल हुए हैं उनमें दो एयरबस ए-३२० सियो और दो ए-३२० नियो (वीटी- आईजेडआई) शामिल हैं। गौरतलब है कि इंडिगो देश की  सबसे बड़ी घरेलू विमान कंपनी है। देश के कुल घरेलू ट्रैफिक में इंडिगो की भागीदारी ४० फीसद के करीब है।
गौरतलब  है कि आज से करीब १२ साल पहले इंडिगो ने ४ अगस्त, २००६ को दिल्ली-इम्फाल उड़ान के साथ अपना सफर प्रारम्भ किया था। कंपनी ने अपने बेड़े में १००वां विमान २४ दिसंबर, २०१५ को शामिल किया था। इस आंकड़े को २०० तक पहुंचने में  तीन वर्ष का ही वक्त लगा जिसे बड़ी उपलब्धि माना जा सकता है।
जानकार इंडिगो की उपलब्धि को इसलिए भी बड़ा मान रहे हैं क्योंकि  प्रतिद्वंदी विमानन कंपनियां एयर इण्डिया, जेट एयरवेज आदि घाटे की बड़ी चुनौती का सामना कर रही हैं। ऐसे में इंडिगो ने शानदार उपलब्धि हासिल की है। इंडिगो अब देश की पहली ऐसी एयरलाइंस हो गई है जिसके फ्लीट में २००  जहाज़ हो गए हैं।
इंडिगो गुड़गांव स्थित नो-फ्रिल कैरियर है जिसकी आज ६३ घरेलू डेस्टिनेशन में १२०० से ज्यादा उड़ानें हैं। इनमें ४९ घरेलू जबकि १४ अंतरराष्ट्रीय डेस्टिनेशन हैं। उसके किराये भी काफी किफायती हैं और कंपनी अपने डेस्टिनेशंस का लगातार विस्तार कर रही है।