आठ राज्यों में आतंकी हमले के दावे वाली काल फर्जी निकली

कर्नाटक पुलिस ने काल करने वाले को गिरफ्तार किया

बेंगलुरु पुलिस ने उस काल को बोगस पाया है जिसमें कर्नाटक समेत आठ राज्यों में हमलों को अंजाम देने का दावा किया गया था। पुलिस को एक शख्स ने फोन करके दावा किया था कि उसके पास सूचना है कि आतंकी कर्नाटक समेत आठ राज्यों में हमलों को अंजाम देने की साजिश रच रहे हैं।
पुलिस के मुताबिक जांच के बाद स्पष्ट हो गया कि ६५ साल के एक चालाक और पूर्व सैनिक ने यह फर्जी कॉल किया था। अब पुलिस ने आरोपी शख्स को गिरफ्तार कर लिया है। हालांकि इस शख्स की काल के बाद कर्नाटक के डीजीपी-आईजीपी ने तत्परता दिखाते हुए अन्य संबंधित सात राज्यों तमिलनाडु, केरल, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, पुदुचेरी, गोवा और महाराष्ट्र के डीजीपी को अलर्ट वाला सन्देश जारी कर दिया था।
 श्रीलंका में ईस्टर पर हुए आतंकी हमलों के बाद भारत के तटीय राज्यों में कोस्ट गार्ड, कोस्टल मरीन पुलिस और स्थानीय पुलिस पहले से अलर्ट पर हैं। इस बात की आशंका है कि श्रीलंका ब्लास्ट में शामिल कुछ आतंकी समुद्री रास्ते से भारत में घुस सकते हैं। इस बीच, एक शख्स के फोन कॉल ने जांच अधिकारियों को और भी परेशान कर दिया, लेकिन अब स्पष्ट हो गया है कि यह कॉल फर्जी था। खुद को लॉरी ड्राइवर बताते हुए स्वामी सुंदर मूर्ति नाम के एक शख्स ने शुक्रवार शाम बेंगलुरु सिटी पुलिस के कंट्रोल रूम को फोन कर दावा किया कि उसके पास ऐसी सूचना है कि तमिलनाडु, कर्नाटक, केरल, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, पुड्डुचेरी, गोवा और महाराष्ट्र के बड़े शहर आतंकियों के निशाने पर हैं। शख्स ने दावा किया कि आतंकी इन राज्यों में ट्रेनों में हमला कर सकते हैं। उसने यह भी दावा किया कि तमिलनाडु के रामनाथपुरम में १९  आतंकवादी मौजूद हैं।