आज शाम 5 बजे होगी निकाय चुनाव कार्यक्रम की घोषणा

आज शाम 5 बजे राज्य चुनाव आयोग (एसईसी)  दिल्ली में तीन नगर निगमों (272 वार्ड) के चुनावों के कार्यक्रम की घोषणा करेगा। घोषणा में नामांकन की तारीख, उनकी जांच, उम्मीदवारी वापस लेने, मतदान की तारीख समेत मतगणना की विस्तृत जानकारी दी जाएगी।

मंगलवार को चुनाव के लिए समीक्षा बैठक करने वाले एसईसी अधिकारियों ने कहा कि, मतदाता सूची में संशोधन और मतदान केंद्रों की पहचान जैसी सभी तैयारियां पूरी की जा चुकी है। साथ ही मतदान 23 अप्रैल से पहले होने की संभावना है।

आपको बता दें, चुनाव की तैयारियों में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा), आम आदमी पार्टी (आप) और कांग्रेस महीनों पहले से ही लगी है। वर्ष 2017 में भाजपा ने 272 वार्डों मे से 181 जीतकर तीनों निगमों पर अपनी सत्ता वापसी की थी। इसी के साथ आप पार्टी दूसरे और कांग्रेस तीसरे नंबर पर रही थी। पिछले 15 साल से नगर निकाय चुनाव में बीजेपी का दबदबा रहा है।

वर्ष 2020 में लगातार दूसरी बार दिल्ली में सरकार बनाने वाली आप पार्टी भाजपा को निकाय चुनावों में हराने के लिए सभी संभव प्रयास कर रही है। हालांकि भाजपा, आप और कांग्रेस के अलावा बहुजन समाज पार्टी (बसपा), बिहार की सत्ताधारी जनता दल (यूनाइटेड) पार्टियां दिल्ली के नगरपालिका चुनावों में अपने उम्मीदवार उतारती है।

फिलहाल देश में उत्तर प्रदेश सहित पांच राज्यों में विधानसभा चुनाव की हवा चल रही है। पांच राज्यों में हुए विधानसभा चुनाव के नतीजे 10 मार्च (यानी कल) को घोषित होने है। इसके बाद नगर निगम के चुनाव होंगे।