आज महाराष्ट्र के किसानों का ‘चलो दिल्ली’, कल अंबानी कॉरपोरेट हाउस’ के बाहर मार्च!

दिल्ली में केंद्र सरकार के नए कृषि कानूनों के खिलाफ चल रहे किसान आंदोलन का असर महाराष्ट्र में भी देखा जा रहा है। इस आंदोलन को बल देने के लिए महाराष्ट्र के अलग अलग संगठन अपने अपने तौर पर कोशिश कर रहे हैं। जहां एक ओर किसानोंं का एक संगठन ऑल इंडिया किसान सभा दिल्ली कूच की तैयारी में है वहीं दूसरे संगठन स्वाभिमानी शेतकरी संघटना आदि ‘अंबानी कॉरपोरेट हाउस’ के बाहर मार्च आयोजित करेंगे! स्वाभिमानी शेतकरी संघटना के अलावा प्रहार संघटना, फार्मर्स एंड पीजेन्ट पार्टी और लोक संघर्ष मोर्चा भी प्रदर्शन में हिस्सा लेंगे।

आज, 21 दिसंबर को महाराष्ट्र के 20 जिलों के हजारों किसान नासिक से दिल्ली के लिए कूच कर रहे हैं। पिछले दिनों नाशिक में आयोजित ऑल इंडिया किसान सभा की तरफ से यह घोषणा की गई थी।

ऑल इंडिया किसान सभा के अध्यक्ष डॉ. अशोक नवले के अनुसार दिल्ली व आसपास के इलाकों में पिछले तीन हफ्ते से चल रहे किसान आंदोलन को ऐतिहासिक बनाने के लिए नाशिक से किसानों का जत्था दिल्ली रवाना होगा। इसी दौरान किसान नेता, स्वाभिमानी शेतकरी संगठन के राजू शेट्टी ने महाराष्ट्र के कई जिलों में केंद्र सरकार के नये कानूनों के खिलाफ प्रदरशन करते हुए , प्रतीकात्मक पुतले भी जलाये थे।

किसान नेता शेट्टी का कहना था कि ये तीन विवादित कृषि कानून अंबानी और अडानी जैसे उद्योगपतियों को फायदा पहुंचाने के लिए लाए गए हैं। हम अडानी और अंबानी को फायदा पहुंचाने और किसानों को गुलाम बनाने की सरकार की नीयत का विरोध करते हैं। 22 दिसंबर को मुंबई में अंबानी कॉरपोरेट हाउस के बाहर किसान मार्च निकाला जाएगा।