असम के पूर्व सीएम तरुण गोगोई का निधन

असम के पूर्व मुख्यमंत्री और वरिष्ठ कांग्रेस नेता तरुण गोगोई का निधन हो गया है। वे 86 साल के थे और काफी समय से अस्वस्थ चल रहे थे। गोगोई के निधन की खबर से असम में शोक की लहर है। कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी, नेता राहुल गांधी ने उनके निधन पर शोक जताया है।

गोगोई की हालत तीन दिन से काफी नाजुक थी और उनका गुवाहाटी के जीएमसीएच में इलाज चल रहा था। वो वेंटिलेटर पर थे। उनके शरीर के कई अंगों ने काम करना बंद कर दिया था। दो दिन पहले सांस लेने के दिक्कत के बाद उनकी हालत नाजुक हो गयी थी। बीच-बीच में कुछ सुधार भी दिखा लेकिन फिलहाल उनकी स्थिति चिंताजनक बनी हुई थी।

रविवार को जीएमसीएच के चिकित्सकों ने कहा था कि गोगोई की स्वास्थ्य स्थिति में थोड़ा सुधार हुआ है, लेकिन खतरा बना हुआ है। गोगोई को गहन निगरानी में रखा गया था। इससे पहले गोगोई ने आईसीयू से एक ऑडियो टैप जारी किया था, जिसमें उन्होंने कहा था कि जीवन के आखिर तक राज्य के लोगों की सेवा ही उनका उद्देश्य है।

असम के सीएम सर्वानंद सोनोवाल ने पूर्व मुख्यमंत्री तरुण गोगोई की स्वास्थ्य स्थिति में तेजी से सुधार की कामना की थी। सीएम अस्पताल के अधिकारियों से तरुण गोगोई की स्वास्थ्य स्थिति पर नियमित रूप से जानकारी लेते रहे। स्वास्थ्य मंत्री हिमंत विश्व शर्मा के अनुसार तरुण गोगोई के कई अंगों ने काम करना बंद कर दिया था।

वरिष्ठ कांग्रेस नेता तरुण गोगोई (86) को 2 नवंबर को गुवाहाटी मेडिकल कॉलेज और अस्पताल (जीएमसीएच) में भर्ती कराया गया था। पोस्ट-कोविड जटिलताओं के कारण उन्हें वेंटिलेशन पर रखा गया।