अलीगढ़ में 100 ग्राम के चूहे से निकाला 25 ग्राम का ट्यूमर

अलीगढ़ में एक डॉक्टर ने चूहे को नई जिंदगी दी। डॉक्टर विराम ने चूहे की आंख की सर्जरी कर 25 ग्राम का ट्यूमर निकाला है। इसके बाद चूहा बेहतर महसूस कर रहा है।
दरअसल, अलीगढ़ के रहने वाले अमित के घर में सफेद चूहे की आंख के पास पहले एक मस्सा जैसा कुछ उभरा हुआ दिखा। कुछ दिन बाद वह मस्सा इतना बड़ा हो गया कि चूहे की आंख पूरी तरह ढक गई। इससे सफेद चूहे को चलने फिरने में यहां तक कि खाने में भी दिक्कत होने लगी।
इस समस्या पर जब पशुप्रेमी का ध्यान गया तो उन्होंने अलीगढ़ कर सीनियर  एनिमल सर्जन डॉ. विराम वार्ष्णेय को दिखाया। डॉ. विराम ने बताया कि इसे जल्द से जल्द सर्जरी करके निकालने की आवश्यकता है तभी इसकी आंख बच सकती हैं अन्यथा यह जानलेवा भी हो सकता है।
डॉ. विराम ने ऑपरेशन के समय पाया कि चूहा 100 ग्राम का है। वह काफी छोटा था तो उसे बेहोश करने की दवा देने में भी खतरा था। इस पर डॉक्टर ने चूहे को नीचे पेट वाली जगह से इंट्रासपेरीटोनियल इंजेक्शन लगाया। इससे चूहा बेहोश हो गया। इसके बाद डॉक्टर ने बड़ी ही बारीकी से उस मस्से को आंख से इस तरह अलग किया, आंख भी बच गई और जान भी। जो मस्सा यानी ट्यूमर निकाला, उसका वजन करीब  25 ग्राम था। इसका मतलब चूहे के कुल वजन का एक चौथाई ट्यूमर था। सर्जरी के 3 घंटे बाद चूहा होश में आने लगा और अगले दिन वह पूर्ण रूप से स्वस्थ हो गया और खाने पीने लगा।
कुछ दिनों तक इस चूहे की दवाई चली और पंद्रह दिन बाद वह फिट हो गया।