अरुणाचल में चीनी सेना ने लड़का अगवा किया, छुड़ाने की कोशिश

चीन सीमा पर अपनी हरकतों से बाज नहीं आ रहा। अरुणाचल के एक सांसद ने आरोप लगाया है कि चीन ने प्रदेश के अप्पर सियांग जिले में भारतीय सीमा में घुसकर  17 वर्षीय एक लड़के का अपहरण कर लिया है। उनके मुताबिक इस लड़के को चीन की सेना ने उसे मंगलवार को अगवा किया है और अभी तक नहीं छोड़ा है।

भाजपा के अरुणाचल-पूर्व से सांसद तापिर गाओ ने इस घटना को लेकर एक ट्वीट किया है। सियांग जिला प्रशासन ने स्वीकार किया है कि इस लड़के मिराम तारोन को
चीन की सेना ने अगवा किया है। मिराम उस ग्रुप का हिस्सा था, जो दोनों देशों की सीमा के पास शिकार पर गया था। मिरान जिडो गांव का रहने वाला है और सेना उसे छुड़ाने की कोशिश कर रही है।

आरोप लगाया गया है कि चीन की पीपुल्स लिब्रेशन आर्मी भारतीय सीमा में घुस गयी थी। उसने इस लड़के को अगवा कर लिया। रिपोर्ट्स के मुताबिक जिला कलेक्टर शास्वत सौरभ ने बताया है कि यह युवा स्थानीय शिकारियों के एक दल में शामिल था। प्रशासन को ग्रुप के अन्य सदस्यों से यह जानकारी मिली कि उसे भारतीय सीमा के अंदर से पीएलए ने किडनैप कर लिया है।

जिला कलेक्टर के मुताबिक यह जानकारी मिलते ही उन्होंने क्षेत्र में मौजूद भारतीय सेना को इसकी जानकारी दी। लड़के को छुड़ाने की कोशिशें जारी हैं। इस बीच भाजपा के अरुणाचल-पूर्व के सांसद तापिर गाओ ने इस घटना पर एक ट्वीट किया है। इसमें उन्होंने भारतीय एजेंसियों से लड़के को छुड़ाने के लिए मदद मांगी है।