अमेरिका के इंडियानापोलिस में अंधाधुंध फायरिंग में शूटर समेत 9 लोगों की मौत

अमेरिका के इंडियानापोलिस में शुक्रवार को अंधाधुंध फायरिंग में 8 लोगों की मौत हो गयी है। कई लोग घायल हैं। शूटर, जिसने खुद को गोली मार ली थी, की भी मौत हो गयी है। घटना में एक भारतीय के घायल होने की भी खबर है।
अब आधिकारिक रूप से बताया गया कि इस घटना में शूटर समेत 9 लोगों की मौत हुई है और कई घायल हैं, जिनमें से कुछ की हालत गंभीर है। मीडिया रिपोर्ट्स में बताया गया है कि इंडियानापोलिस मेट्रोपोलिटन पुलिस डिपार्टमेंट के प्रवक्ता जेनी कुक ने यह जानकारी दी है।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक गोलीबारी की यह घटना इंडियानापोलिस में फेडेक्स के एक केंद्र पर हुई। अन्य रिपोर्ट्स में कहा गया है कि इंडियानापोलिस मेट्रोपोलिटन पुलिस डिपार्टमेंट के प्रवक्ता जेनी कुक ने कहा है कि घटना इंडियानापोलिस में मिराबेल रोड 8951 स्थित फेडक्स फैसिलिटी में हुई। हवाईअड्डे के निकट स्थित इस केंद्र में कई लोगों को गोली लगी है।
ख़बरों के मुताबिक हमलावार ने घटना के बाद खुद को भी गोली मार ली। बाद में उसकी भी मौत हो गयी। एक भारतीय को भी गोली लगने की सूचना है। रिपोर्ट्स में बताया गया है कि पुलिस ने रात 11.30 बजे बताया कि हवाईअड्डे के निकट स्थित इस केंद्र में कई लोगों को गोली लगी। अभी भी कई लोग घायल हैं।
गोलीबारी की इस घटना की जांच  इंडियानापोलिस मेट्रोलिटन पुलिस डिपार्टमेंट कर रहा है। डिपार्टमेंट ने बताया कि जब उनके अधिकारी मौके पर पहुंचे तब उनका शूटर से सामना हुआ।
एक प्रत्यक्षदर्शी को एक रिपोर्ट्स में यह कहते हुए बताया गया था कि वह फैसिलिटी में काम करता है और उसने अनेक बार फायरिंग की आवाज सुनी और उसके बाद बंदूक के साथ एक शख्स को भी देखा। बता दें पिछले महीने भी कोलोराडो प्रांत के बॉल्डर इलाके स्थित एक सुपरमार्केट में फायरिंग की घटना हुई थी जिसमें 10 लोगों की जान चली गयी थी।