अमेठी में दलित प्रधान के पति को जलाकर मार डाला, राहुल गांधी ने घटना की कड़ी निंदा की

उत्तर प्रदेश के अमेठी में एक दर्दनाक घटना में एक दलित प्रधान के पति की जिन्दा जलाकर हत्या कर दी गयी। इसे राजनीतिक दुश्मनी का मामला बताया गया है। पांच नामजद आरोपियों में से तीन गिरफ्तार कर लिए गए हैं। उधर कांग्रेस नेता और अमेठी के तीन बार सांसद रहे राहुल गांधी ने इस घटना की कड़ी निंदा की है।

रिपोर्ट्स के मुताबिक दलित ग्राम प्रधान के पति को राजनीतिक दुश्मनी के कारण बदमाशों ने जलाकर मार डाला। पुलिस ने पांच नामजद आरोपियों में से तीन को गिरफ्तार कर लिया है। प्रधान के पति को गुरुवार की देर रात बंदोइया गांव के बाहरी इलाके में आग की लपटों में घिरा पाया गया जिसके बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी।

गंभीर हालत में उन्हें अस्पताल ले जाया गया लेकिन बुरी तरह से जल जाने के कारण शुक्रवार को उन्होंने दम तोड़ दिया। मृतक की पहचान 50 वर्षीय अर्जुन के रूप में हुई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। तनाव को देखते हुए गांव में अतिरिक्त पुलिस तैनात की गयी है।

पुलिस के मुताबिक परिवार ने अभी तक कोई शिकायत नहीं दी है, लेकिन पुलिस मामले की जांच कर रही है। अर्जुन की पत्नी छोटका, ग्राम प्रधान है। छोटका ने बताया कि उनके पति किसी काम से बाहर गए थे और गुरुवार देर रात तक घर नहीं लौटे। इसके बाद उन्हें जानकारी दी गई कि उनके पति को गांव के बाहर सुनसान जगह पर आग के हवाले कर दिया गया। उनका आरोप है कि यह राजनीतिक रंजिश के कारण किया गया है।

इस बीच कांग्रेस नेता और अमेठी के तीन बार सांसद रहे राहुल गांधी ने इस घटना की कड़ी निंदा की है। उधर अमेठी की सांसद और केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने पुलिस अधिकारियों से इस मामले पर बात की और उन्हें सख्त कार्रवाई के लिए कहा है।