अनुराग लोक सभा में भाजपा के चीफ व्हिप बने !

हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर लोक सभा हलके से तीन बार के सांसद अनुराग ठाकुर को भाजपा ने लोक सभा में चीफ व्हिप नियुक्त किया। संसद का अधिवेशन शुरू होने से पहले अनुराग को इस अहम् पद पर बड़ी जिम्मेबारी दी गयी है। अनुराग बीसीसीआई के भी अध्यक्ष रहे हैं।

सूत्रों के मुताबिक अनुराग को यह जिम्मेवारी राकेश सिंह की जगह दी गयी है। अनुराग इससे पहले पार्टी में कई और जिम्मेवारी निभा चुके हैं जिनमें भारतीय जनता युवा मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष का जिम्मा भी शामिल है। वे हिमाचल क्रिकेट संघ के अध्यक्ष भी रहे हैं। राकेश सिंह को पार्टी ने मध्य प्रदेश में अध्यक्ष तैनात किया है जहाँ इसी साल विधानसभा चुनाव होने हैं।

अनुराग ठाकुर की गिनती भाजपा में युवा तुर्क के रूप में की जाती है। वे लोक सभा में अपने प्रदर्शन के बूते सर्वश्रेष्ठ सांसद भी चुने जा चुके हैं। इस बार भी उन्हें हमीरपुर से भाजपा टिकट दिए जाने की चर्चा रही है। हालाँकि कुछ हलकों में उनके पिता और हिमाचल भाजपा के कद्दावर नेता प्रेम कुमार धूमल को भी टिकट दिए जाने की चर्चा रही है। विधानसभा का चुनाव हार जाने और मुख्यमंत्री न बन पाने के बावजूद धूमल की हिमाचल की राजनीति पर मजबूत पकड़ मानी जाती है।

चुनाव हारने के बाद धूमल सार्वजनिक रूप और पार्टी स्तर दोनों में सक्रिय रहे हैं और कार्यकर्ताओं से मिलते रहे हैं। ऐसे समय में बेटे अनुराग ठाकुर की चीफ व्हिप पद पर नियुक्ति उन्हें मजबूती देगी। हिमाचल में भाजपा की सरकार है और पार्टी के बीच यह चर्चा रही है की मुख्यमंत्री को २०१९ के चुनाव से पहले ज्यादा प्रभावी होने की ज़रुरत है नहीं तो चुनाव में दिक्कत आ सकती है।