अग्निपथ के खिलाफ आज भारत बंद, दिल्ली में कड़ी सुरक्षा

एक तरफ जहाँ केंद्र सरकार की अग्निपथ योजना के खिलाफ प्रदर्शन अब देश भर में पहुँच गए हैं वहीं इसका विरोध करने वालों ने आज (सोमवार) भारत बंद का आह्वान किया है। बिहार, उत्तर प्रदेश, हरियाणा, मध्य प्रदेश समेत देश के कई राज्यों में युवाओं का अग्निपथ योजना के खिलाफ विरोध जारी है। बंद को देखते हुए राजधानी दिल्ली में ट्रैफिक पुलिस ने एडवाइजरी जारी कर कई रास्तों से आने-जाने पर रोक लगा दी है।

देश के कई हिस्सों में हिंसक प्रदर्शन हुए हैं और रेल और अन्य वाहन जलाये गए हैं। बिहार में आंदोलन का सबसे ज्यादा जोर है जहाँ सरकारी संपत्तियों को काफी नुकसान पहुंचा है। बिहार में रेलवे ने सोमवार को करीब 350 ट्रेनें नहीं चलाने का निर्णय किया है और 20 जिलों में इंटरनेट सेवा सोमवार को भी बंद रहेगी।

योजना के विरोध के बीच अब कई संगठनों ने आज ‘भारत बंद’ का ऐलान किया है। भारत बंद के ऐलान के बाद राज्यों में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है। वाराणसी के कैंट स्टेशन पर भारत बंद के मद्देनजर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई है। भारी मात्रा में पुलिस बल तैनात हैं और आने-जाने वालों पर कड़ी नजर रखे हुए हैं। शरारती और असामाजिक तत्वों पर ड्रोन कमरे से नजर रखी जा रही है।

भारत बंद के ऐलान के बाद राज्यों में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है। एहतियातन, दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने एडवाइजरी जारी कर कई रास्तों से आने-जाने पर रोक लगा दी है। विशेष यातायात व्यवस्था के कारण नई दिल्ली में गोल डाक खाना जंक्शन, पटेल चौक, विंडसर प्लेस, तीन मूर्ति चौक, पृथ्वीराज रोड से आगे बसों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा। इस दौरान 8 बजे से 12 बजे के बीच मोतीलाल नेहरू मार्ग, अकबर रोड, जनपथ और मान सिंह रोड से बचें। विशेष व्यवस्था के चलते इन सड़कों पर आवाजाही नहीं हो सकेगी।

गोल मेथी जंक्शन, तुगलक रोड जंक्शन, क्लेरिजेस जंक्शन, क्यू-पॉइंट जंक्शन, सुनहरी मस्जिद जंक्शन, मौलाना आज़ाद रोड जंक्शन और मान सिंह रोड जंक्शन से 8 बजे से 12 बजे के बीच जाने से बचें। इन रास्तों पर भी आवागमन बंद रहेगा। इसके अलावा गुरुग्राम ट्रैफिक पुलिस ने भी एडवाइजरी ने बहुत सारे रास्तों पर आने वाले वाहनों के रुट डायवर्ट किया है।