अखिलेश के घर सेंध, अपर्णा यादव भाजपा में शामिल

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले सपा प्रमुख मुलायम सिंह यादव के परिवार में सेंध लगाते हुए भाजपा ने उनकी छोटी बहु अपर्णा यादव को पार्टी में शामिल कर लिया है। अपर्णा ने बुधवार को खुद को ‘पीएम मोदी की प्रशंसक’ बताते हुए दिल्ली में  भाजपा कार्यालय में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं की उपस्थिति में विधिवत भाजपा की सदस्यता ग्रहण की।अपर्णा के भाजपा में जाने की सम्भावना मंगलवार को पुख्ता हो गयी थी जब उन्होंने  दिल्ली में पार्टी के बड़े नेताओं से मुलाकात की थी।

आपको बता दें, अपर्णा यादव मुलायम सिंह के छोटे बेटे प्रतीक यादव की पत्नी हैं। प्रतीक की मां साधना गुप्ता मुलायम की दूसरी पत्नी हैं। अपर्णा यादव ने 2017 के विधानसभा चुनाव में सपा के टिकट पर लखनऊ कैंट सीट से भाजपा की प्रत्याशी रीता बहुगुणा जोशी, जो बाद में सांसद चुनी गयी थीं, के खिलाफ चुनाव लड़ा था। बता दें बहुगुणा आजकल भाजपे के खिलाफ तेवर अपनाए हुए हैं।

भाजपा में शामिल होने के बाद अपर्णा ने कहा – ‘भाजपा का धन्यवाद। मेरे लिए राष्ट्र हमेशा प्राथमिकता रहा है। मैं पीएम मोदी के कामों की प्रशंसक हूं।’ इस अवसर पर  उत्तर प्रदेश भाजपा नेता और उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और यूपी भाजपा के अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने अपर्णा को पार्टी की सदस्यता दिलाई।

अभी यह साफ़ नहीं है कि क्या भाजपा अपर्णा को पार्टी उम्मीदवार बनाएगी। चर्चा रही है कि भाजपा उन्हें लखनऊ कैंट सीट से टिकट दे सकती है। पिछला चुनाव अपर्णा यहीं से सपा के टिकट पर लड़ी थीं, हालांकि, हार गयी थीं। उस चुनाव में हार के लिए अपर्णा ने अपने परिवार को जिम्मेदार ठहरा दिया था, जिससे काफी बवाल मचा था। बता दें मुलायम सिंह यादव के साढ़ू प्रमोद गुप्ता के भी भाजपा में शामिल होने की बड़ी चर्चा है।