अंतिम दो चरण के चुनाव नोटबंदी और जीएसटी पर लड़ लें, प्रियंका की पीएम मोदी को चुनौती

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविन्द केजरीवाल के ”प्रियंका दिल्ली में टाइम क्यों वेस्ट कर  रही हैं” वाले ब्यान के कुछ घंटे में ही प्रियंका ने इसका जवाब दिल्ली के दो रोड शो में जबरदस्त भीड़ जुटाकर दिया। और फिर पीएम मोदी को उनके कांग्रेस को राजीव गांधी के नाम पर चुनाव लड़ने की चुनौती वाले ब्यान पर जवाब दिया कि मोदी अंतिम दो चरण का चुनाव जीएसटी और नोटबंदी पर लड़कर देख लें।
नार्थ दिल्ली में पूर्व मुख्यमंत्री शीला दीक्षित के लिए प्रियंका गांधी के रोड शो में जबरदस्त भीड़ जुटी। सड़क के दोनों और लोग या तो सड़क पर थे या घरों के ऊपर से उनपर पुष्प वर्षा कर रहे थे। रोड शो में जो बहुत दिलचस्प बात दिखी वह यह कि प्रियंका गांधी के १६ वर्षीय पुत्र रेहान ८२ साल की शीला दीक्षित को कड़ी गर्मी में सहारा दे रहे थे।
इससे पहले सुबह दिल्ली के सीएम केजरीवाल ने प्रियंका गांधी को ”सलाह” दी कि वे दिल्ली में टाइम वेस्ट कर रही हैं और भाई-बहन को राजस्थान और दूसरी जगह जाकर कांग्रेस का प्रचार करना चाहिए। लेकिन इस ब्यान के कुछ घंटे बाद ही प्रियंका के रोड शो में जबरदस्त भीड़ जुटी।
बाद में ईस्ट दिल्ली के रोड शो के आखिर में प्रियंका गांधी ने पीएम मोदी को चुनौती दी। उन्होंने कहा – ”दिल्ली की यह लड़की आपको चुनौती दे रही है कि आखिरी के दो चरण नोटबंदी पर लड़िए, जीएसटी पर लड़िए और महिलाओं की सुरक्षा पर लड़िए।”
प्रियंका गांधी ने कहा – ”आपने (मोदी) देश के नौजवानों से झूठे वादे किए, आप उन वादों पर चुनाव लड़िए। उनकी हालत स्कूल के बच्चों की तरह हो गई है। वे (मोदी) होमवर्क नहीं पूरा कर पाए हैं और अब स्कूल के बच्चों की तरह बहानेबाजी कर रहे हैं। क्या करें नेहरू जी ने मेरा पर्चा ले लिया, मैं क्या करूं इंदिरा जी ने कागज की कश्ती बना दी मेरे होमवर्क की और कहीं पानी में डुबो दी।”
इससे पहले प्रधानमंत्री ने उनके पिता दिवंगत पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाए थे। प्रधानमंत्री मोदी ने एक जनसभा को संबोधित करते हुए राजीव गांधी को ”भ्रष्टाचारी नंबर १” कहा था। दिल्ली में कांग्रेस, भाजपा और आप में तिकोना मुकाबला है।