लखीमपुर खीरी में शहीद किसानों के लिए अंतिम अरदास; प्रियंका भी पहुंचीं, याद में बनेगा स्मृति स्थल

उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी के तिकुनिया में हाल की हिंसा में शहीद हुए चार किसानों और एक पत्रकार के लिए आज संयुक्त किसान मोर्चा ने अंतिम अरदास का आयोजन किया जिसमें बड़ी संख्या में देश के कई हिस्सों से किसान पहुंचे। इस अरदास कार्यक्रम में कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी भी शामिल हुईं।

दिल्ली गुरुद्वारा प्रबंधन समिति ने इस मौके पर घोषणा की कि लखीमपुर खीरी में पांच किसानों की याद में स्मृति स्थल बनेगा। याद रहे केंद्रीय राज्य मंत्री अजय मिश्रा के बेटे आशीष मिश्रा इस मामले में मुख्य आरोपी हैं और अदालत ने उन्हें चार दिन के लिए पुलिस रिमांड पर भेजा है।

संयुक्त किसान मोर्चा के नेता राकेश टिकैत ने मीडिया के लोगों से कहा कि वो पुलिस जांच से संतुष्ट नहीं है। अगर किसानों को जल्द न्याय नहीं मिला तो हमारा आंदोलन लगातार चलता रहेगा। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी भी लखीमपुर खीरी के तिकुनिया पहुंचीं। पहले उन्हें रोक लिया गया था। उनके साथ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय लल्लू भी रहे।

श्रद्धांजलि सभा के लिए करीब 30 एकड़ इलाके में इंतजाम किए गए हैं। यह कार्यक्रम स्थल घटनास्थल से एक किलोमीटर की दूरी पर है। आरएलडी के अध्यक्ष जयंत चौधरी और अकाली दल के नेता मनजिंदर सिंह सिरसा भी पहुंचे। किसी भी तरह की स्थिति से निपटने के लिए सरकार ने पश्चिमी यूपी में 20 आईपीएस अधिकारियों को तैनात किया है।

इस बीच आज के कार्यक्रम में घोषणा की गयी कि लखीमपुर खीरी में पांच किसानों की याद में स्मृति स्थल बनेगा। दिल्ली गुरुद्वारा प्रबंधन समिति की तरफ से संयुक्त किसान मोर्चा के नेता दर्शनपाल ने अंतिम अरदास मंच से इसका ऐलान किया।

उधर लखीमपुर खीरी तिकुनिया हिंसा में मृतक किसानों की अंतिम अरदास में पहुंचीं कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी आम लोगों के बीच ही बैठीं। आयोजकों ने किसी भी राजनीतिक को अपने मंच पर नहीं बैठने दिया।