राजधानी दिल्ली में भीषण गर्मी से राहत, मानसून की पहली बारिश

जहां उत्तर भारत के कुछ राज्यों में पड़ रही भीषण गर्मी वहीं आज राजधानी दिल्ली को इस गर्मी से काफी हद तक राहत मिल गई है। दिल्ली मे मानसून की पहली बारिश हुई, वहीं माना जा रहा है कि मानसून का आगमन हो चुका है। क्योंकि दक्षिण-पश्चिम मानसून सामान्यत: 27 जून तक ही राजधानी दिल्ली पहुंचता है।

आपको बता दें, भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने दिल्ली में बृहस्पतिवार या शुक्रवार को मानसून की पहली बारिश होने की संभावना जताई थी। और आज राजधानी के अधिकांश हिस्सों में ताजा बारिश हुई।

आईएमडी के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, “क्षेत्र में बारिश के आंकड़ों की समीक्षा के बाद एक आधिकारिक बयान दिया जाएगा।” हालांकि, स्काईमेट वेदर के उपाध्यक्ष (जलवायु परिवर्तन और मौसम विज्ञान) महेश पलावत ने पुष्टि की कि यह क्षेत्र में मानसून की पहली बारिश है।

आईएमडी ने गुरुवार को शहर के कुछ इलाकों में भारी बारिश और शुक्रवार को मध्यम बारिश की चेतावनी देते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। अधिकतम तापमान 34-35 डिग्री सेल्सियस तक नीचे आ जाएगा।

पिछले साल, आईएमडी ने भविष्यवाणी की थी कि मानसून अपनी सामान्य तिथि से लगभग दो सप्ताह पहले दिल्ली पहुंच जाएगा। हालांकि, यह 13 जुलाई को ही राजधानी पहुंचा, जिससे यह 19 वर्षों में सबसे अधिक विलंबित हो गया।