बृजलाल खाबरी यूपी कांग्रेस के अध्यक्ष नियुक्त, छह प्रांतीय अध्यक्ष भी बनाए

दलित नेता बृजलाल खाबरी को कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने उत्तर प्रदेश में पार्टी का नया अध्यक्ष नियुक्त किया है। उनके अलावा पार्टी ने छह प्रांतीय अध्यक्ष भी नियुक्त किये हैं।

पार्टी के संगठन महासचिव के एक प्रेस नोट के मुताबिक यह नियुक्तियां तत्काल प्रभाव से लागू हो गयी हैं। बृजलाल खाबरी लोकसभा और राज्यसभा दोनों के सदस्य रहे हैं। खाबरी की पत्नी पूर्व प्रशासनिक अधिकारी हैं।

खाबरी का कांग्रेस का पुराना नाता है और उनकी पत्नी उर्मिला सोनकर कैलिया सीट से कांग्रेस के टिकट पर जिला पंचायत सदस्य रही हैं। प्रशासनिक अधिकारी के नाते उर्मिला प्रदेश के कई जिलों में एसडीएम और अपर आयुक्त के पद पर काम कर चुकी हैं। वह कुछ समय समाजवादी पार्टी में रही, हालांकि, जिला पंचायत अध्यक्ष पद के चुनाव में उन्हें सफलता नहीं मिल पाई थी।

पार्टी ने छह प्रांतीय अध्यक्ष भी नियुक्त किये हैं। इनमें नसीमुद्दीन सिद्दीकी, अजय रॉय, वीरेन्द्र चौधरी, नकुल दुबे, अनिल यादव (इटावा) और योगेश दीक्षित शामिल हैं। यह सभी नेता विभिन्न पदों पर काम कर चुके हैं।