पंचतत्व में देह, और अमर हो के नारे; ग्रुप कैप्टन वरुण को नम आँखों से अंतिम विदाई

तमिलनाड के कुन्नूर में सीडीएस रावत हेलिकॉप्टर हादसे में गंभीर घायल होने के बाद बुधवार को दिवंगत हुए वायुसेना के ग्रुप कैप्टन वरुण सिंह शुक्रवार को पंचतत्व में विलीन हो गए। हज़ारों लोगों ने नम आँखों से मध्य प्रदेश के भोपाल में बैरागढ़ स्थित विश्राम घाट पर पूरे सैन्य सम्मान के साथ उनको अंतिम विदाई दी। उनके परिजन, मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और कई मंत्रियों के अलावा जन-प्रतिनिधि इस मौके पर  उपस्थित थे।

अंतिम संस्कार से पहले ग्रुप कैप्टन वरुण सिंह की पार्थिव देह को अंतिम दर्शन के किए रखा गया। हज़ारों लोगों ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। वरुण सिंह इकलौते शख्स थे जो 8 दिसंबर को तमिलनाड हेलिकॉप्टर हादसे में जीवित बच पाए थे जबकि अन्य  13 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई थी जिसमें भारत के चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ (सीडीएस) जनरल बिपिन रावत और उनकी पत्नी भी शामिल हैं।

इस बीच मध्य प्रदेश सरकार ने उनके परिवार को एक करोड़ रुपए की सहायता राशि देने का ऐलान किया है। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने गुरुवार को कहा –
”मैं ग्रुप कैप्टन वरुण सिंह को श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं। वरुण के पिता भी बहुत बहादुर हैं। पूरा परिवार देश के प्रति समर्पित है। हम इस दुख के समय में उनके साथ खड़े हैं।”

हेलिकॉप्टर क्रैश में गंभीर रूप से घायल होने के बाद भी वरुण सिंह एक हफ्ते से ज्यादा तक मौत से लड़ते रहे। हालांकि बहुत प्रयास के बाद भी चिकित्सक उन्हें बचा नहीं पाए। बेंगलुरु के मिलिट्री हॉस्पिटल में वरुण का इलाज चल रहा था, जहां बुधवार को उनका निधन हो गया था। गुरुवार की दोपहर ग्रुप कैप्टन वरुण सिंह का पार्थिव शरीर बेंगलुरु से भोपाल लाया गया और भोपाल के एयरपोर्ट रोड पर स्थित सिटी कॉलोनी में उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई।