नोएडा: महिला से गाली-गलौज के आरोप में गिरफ्तार नेता श्रीकांत त्यागी ने कहा- “वह तो मेरी बहन जैसी है..”

नोएडा की ग्रैंड ओमेक्स सोसाइटी मे महिला से मारपीट, गाली-गलौज के मामले व अभद्र व्यवहार करने के आरोप में गिरफ्तार हुए श्रीकांत त्यागी ने मंगलवार को कहा है कि पीड़ित महिला उनकी बहन की तरह है, और राजनीतिक रूप से नष्ट करने के लिए उसके खिलाफ ये साजिश रची गई है।

त्यागी को सूरजपुर कोर्ट ने 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है, अदालत से ले जाते समय मीडियाकर्मियों से बात करते हुए त्यागी ने अपना यह ब्यान दिया था कि, महिला उसकी बहन जैसी है और इस घटना को राजनीतिक होने का दावा किया है।

गौतम बुद्ध पुलिस कमिश्नर ने बताया कि, पुलिस की सोशल मीडिया टीम की तरफ से ओमेक्स की एक 5 अगस्त की घटना की वीडियो का नोटिफिकेशन आते ही पुलिस ने पीड़ित से संपर्क किया, जिसके बाद से ही आरोपी की तलाश शुरू की गई। इस पर पुलिस ने तुरंत संज्ञान लिया। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने कुल 12 टीमें बनाई गई थीं। तलाश के लिए तकनीकी जांच, सीसीटीवी फुटेज की जांच भी की गई थी।

आपको बता दें, श्रीकांत त्यागी को पुलिस ने मंगलवार को मेरठ से गिरफ्तार किया था। त्यागी के साथ पुलिस ने कुल चार लोगों को गिरफ्तार किया। त्यागी शनिवार से ही फरार था और यूपी पुलिस ने घटना के तीन दिन बाद उसे गिरफ्तार किया है। साथ ही यूपी पुलिस ने उसपर 25 हजार रुपये का इनाम भी रखा था।