गांधी से मेरी तुलना न करें, पुरानी चीजें भूल देश को बताएं हम क्या कर सकते हैं: राहुल

राहुल गांधी ने अपनी पार्टी के तमाम नेताओं और कार्यकर्ताओं को सख्त हिदायत दी है कि वे उनकी महात्मा गांधी से तुलना न करें क्योंकि गांधीजी का देश के लिए योगदान अतुलनीय है। साथ ही उन्होंने नेताओं को यह भी कहा है कि वे बार-बार नेहरू, इंदिरा और राजीव गांधी के देश के योगदान को न दोहराएं और यह बताएं कि हम खुद जनता के लिए क्या कर सकते हैं।

‘भारत जोड़ो यात्रा’ के जयपुर पहुंचने पर शुक्रवार शाम राहुल गांधी ने पार्टी के नेताओं को तीन मुख्य बिंदुओं पर कड़ा संदेश दिया – ‘महात्मा गांधी से मेरी तुलना मत कीजिए। मेरा नाम भी उनके साथ मत लीजिए और कोई तुलना नहीं होनी चाहिए। उन्होंने स्वतंत्रता आंदोलन के लिए अपने जीवन का बलिदान दिया।’

राहुल गांधी ने इस अवसर पर पार्टी कार्यकर्ताओं को सलाह दी कि पार्टी के अतीत पर ध्यान देना छोड़ दें। राहुल ने कहा – ‘दूसरी बात जो मैं कहना चाहता हूं वह थोड़ी कठिन है। देखें कि राजीव गांधी ने देश के लिए क्या किया, इंदिरा गांधी ने क्या किया  कि वे देश के लिए शहीद हो गए आदि। उन्होंने देश के लिए बहुत अच्छा किया।’

उन्होंने कहा – ‘लेकिन कांग्रेस के लोगों को हर बैठक में इसका जिक्र नहीं करना चाहिए। राजीव गांधी, इंदिरा गांधी, सरदार पटेल, गांधीजी, जवाहरलाल नेहरू ने देश के लिए जो किया वह अब हो गया है। हमें अतीत में नहीं ठहरना है ! वर्तमान को समझना है और देश का भविष्य संवारना है।’