कांग्रेस अध्यक्ष पद चुनाव में मल्लिकार्जुन खड़गे और शशि थरूर के बीच मुकाबला, कौन होगा कांग्रेस का अगला अध्यक्ष

कांग्रेस अध्यक्ष पद के चुनाव के लिए दो वरिष्ठ नेताओं शशि थरूर और मल्लिकार्जुन खड़गे ने दिल्ली स्थित कांग्रेस पार्टी मुख्यालय में अपना नामांकन दाखिल कर दिया है। दिग्विजय सिंह रेस से बाहर हो चुके हैं।

यह चुनाव 17 अक्टूबर को होगा। साथ ही सूत्रों के अनुसार कांग्रेस में एक पद एक व्यक्ति के नियम के आधार पर मल्लिकार्जुन खड़गे अध्यक्ष पद के लिए राज्यसभा में विपक्ष के नेता के पद से इस्तीफा देंगे।

गुरुवार को नामांकन पत्र लेने वाले दिग्विजय सिंह ने आज सुबह खड़गे से मुलाकात के बाद चुनाव लड़ने से इनकार कर दिया था। वहीं कांग्रेस नेता प्रमोद तिवारी ने कहा था कि दिग्विजय सिंह इसलिए अध्यक्ष पद का चुनाव लड़ रहे थे क्योंकि मैदान में कोर्इ नहीं था। ये चुनाव शशि थरूर और मल्लिकार्जुन खड़गे के बीच में हैं।

आपको बता दें, कांग्रेस अध्यक्ष पद चुनाव के लिए आज नामांकन की आखिरी तारीख हैं और दिग्विजय सिंह इस रेस से बाहर हो गए हैं। आज से पहले यह जानकारी मिली थी कि दिग्विजय सिंह आज नामांकन भरने वाले हैं और गुरुवार को उन्होंने नामांकन पत्र भी ले लिया था। दिग्विजय सिंह बुधवार देर रात ‘भारत जोड़ो यात्रा’ को छोड़कर दिल्ली पहुंचे थे और पार्टी अध्यक्ष पद के चुनाव के लिए बृहस्पतिवार को नामांकन पत्र लिया था।